इंटरनेशनल डेस्क: चीन के हुनान प्रांत में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। लियुयांग शहर में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 21 लोगों की जान चली गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
यह धमाका सोमवार शाम करीब 4:40 बजे हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी की एक वर्कशॉप में हुआ। यह इलाका पटाखों के उत्पादन के लिए जाना जाता है, जहां बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का सामान बनाया जाता है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विस्फोट के बाद आसमान में सफेद धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। स्थानीय प्रशासन और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: बंगाल में BJP की जीत से खत्म हुआ ममता राज, तमिलनाडु में विजय का जलवा…केरल में कांग्रेस की वापसी
राष्ट्रपति शी चिनफिंग का बयान
इस घटना के बाद शी चिनफिंग ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापता लोगों को जल्द खोजा जाए। घायलों को तुरंत इलाज मिले। हर संभव मदद पहुंचाई जाए।
बड़े स्तर पर राहत और बचाव कार्य
सरकारी एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, मौके पर करीब 500 बचावकर्मी तैनात किए गए हैं। राहत और बचाव का काम लगातार जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आसपास के इलाकों को कराया गया खाली
हादसे के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पास में बने दो बारूद गोदामों के कारण खतरा बढ़ गया था। इसी वजह से आसपास के खतरनाक इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
ये भी पढ़ें: विधायकों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए CM मान, 12 बजे राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात

