Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कतर के प्रमुख गैस संयंत्र में भीषण विस्फोट, 54 कर्मचारी घायल, 18 लापता

June 22, 2026

कतर के प्रमुख गैस संयंत्र में भीषण विस्फोट, 54 कर्मचारी घायल, 18 लापता

इंटरनेशनल डेस्क: कतर के रस लाफान औद्योगिक क्षेत्र में स्थित बरजान गैस आपूर्ति संयंत्र में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। संयंत्र में हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम 54 कर्मचारी घायल हो गए। वहीं 18 कर्मचारी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई, जब संयंत्र में दोबारा परिचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही थी। हाल ही में ईरान और क्षेत्रीय तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री आवाजाही प्रभावित हुई थी, जिसके चलते कतर को गैस निर्यात और उत्पादन में बाधाओं का सामना करना पड़ा था। स्थिति में कुछ सुधार आने के बाद कर्मचारी संयंत्र को फिर से चालू करने में जुटे थे।

इसी दौरान बरजान गैस संयंत्र में अचानक विस्फोट हुआ और देखते ही देखते आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। दमकल और आपातकालीन सेवाओं की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने और घायलों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया।

कतर की सरकारी ऊर्जा कंपनी ने बताया कि हादसे के बाद प्रभावित क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्टों में कम संख्या में लोगों के घायल होने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि घायलों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है और 18 लोग अब भी लापता हैं।

अधिकारियों का कहना है कि संयंत्र को हुए नुकसान का सही आकलन अभी नहीं किया जा सका है। विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर रही है। लापता कर्मचारियों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।

कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस निर्यातकों में से एक है। ऐसे में इस महत्वपूर्ण गैस केंद्र में हुई दुर्घटना का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है। फिलहाल सरकार और संबंधित एजेंसियां स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयासों में जुटी हुई हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें