Last Updated: October 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

Meta का बड़ा फैसला, रात में बंद होंगे Facebook-Instagram

August 27, 2026

Meta का बड़ा फैसला, रात में बंद होंगे Facebook-Instagram

नई दिल्ली: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook और Instagram को लेकर Meta ने एक बड़ा कदम उठाया है। कैलिफोर्निया में चल रहे एक मामले में कंपनी ने एक समझौते पर सहमति जताई है। इसके तहत 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर कुछ सख्त नियम लागू किए जा सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, इन नियमों में नाबालिगों के लिए रात के समय Facebook और Instagram का इस्तेमाल बंद करना और दिन में सोशल मीडिया इस्तेमाल की सीमा तय करना शामिल है। हालांकि, इन पाबंदियों को Meta कब से लागू करेगा, इसकी आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है।

14 अरब डॉलर के समझौते की बात

कैलिफोर्निया की अदालत में हुए समझौते के तहत Meta को करीब 14 अरब अमेरिकी डॉलर का भुगतान करना होगा। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 1.15 लाख करोड़ रुपये के बराबर बताई जा रही है। इसके अलावा कंपनी को बच्चों और किशोरों की सुरक्षा से जुड़े कुछ नियमों का पालन भी करना होगा। यह मामला कैलिफोर्निया के ओकलैंड स्थित कोर्ट में चल रहा था। इसमें Meta पर आरोप लगाया गया था कि उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बच्चों और किशोरों पर नकारात्मक असर डाल रहे हैं।

बच्चों में सोशल मीडिया की लत का आरोप

मामले में आरोप लगाया गया कि Facebook और Instagram में कुछ ऐसे फीचर्स बनाए गए, जो यूजर्स को लंबे समय तक प्लेटफॉर्म पर बनाए रखने के लिए डिजाइन किए गए हैं। इससे बच्चों और किशोरों में सोशल मीडिया और स्मार्टफोन की आदत बढ़ने का आरोप लगाया गया। कंपनी पर यह भी आरोप था कि उसने बच्चों की सुरक्षा को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी और सोशल मीडिया के इस्तेमाल से उनकी मानसिक सेहत पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

कई मामलों से जुड़ा है विवाद

Meta के खिलाफ अमेरिका में बच्चों और किशोरों पर सोशल मीडिया के प्रभाव को लेकर कई मामले चल रहे हैं। कैलिफोर्निया का यह मामला भी ऐसे ही मामलों में शामिल है। समझौते के बाद इस मुकदमे को खत्म करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि नाबालिगों के लिए रात में ऐप बंद करने और दिन में दो घंटे की सीमा जैसे नियम वास्तव में कब से लागू होंगे और उनका अंतिम स्वरूप क्या होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें