Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तानी सांसद ने नैशनल असैंबली में शहबाज शरीफ को बताया बुजदिल

May 10, 2025

पाकिस्तानी सांसद ने नैशनल असैंबली में शहबाज शरीफ को बताया बुजदिल

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की ओर से गुरुवार को किए गए हमले का भारत की तरफ से करारा जवाब दिया गया है। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई का असर अब पाकिस्तान की संसद में भी दिखाई देने लगा है। एक पाकिस्तानी सांसद ने अपने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को ही बुजदिल बता दिया है। पाकिस्तान के सांसद शाहिद अहमद खट्टक ने नैशनल असैंबली में कहा, ‘भारत के रुख पर उनका (पीएम शहबाज शरीफ) कोई बयान नहीं आया है। मुझे टीपू सुल्तान का वो बयान याद आ रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर एक लश्कर का सरदार शेर हो और उसके साथ गीदड़ हों, तो वो शेरों की तरह लड़ते हैं।

लेकिन, अगर शेरों के लश्कर का सरदार गीदड़ हो, तो वो लड़ नहीं सकते और जंग हार जाते हैं।‘ उन्होंने आगे कहा, ‘इस वक्त बॉर्डर पर खड़ा हमारा फौजी ये उम्मीद रखता है कि हमारा लीडर, जो हमारा चेहरा है, जो हमारी ताकत का आइना है, वो सियासी तौर पर भी उतना ही दमदार हो। वो दुश्मन से मुकाबला करने की हिम्मत रखें, लेकिन जब आपका वजीर-ए-आजम (प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ) बुजदिल हो और वो मोदी का नाम तक न ले पाए, तो आप बॉर्डर पर लड़ने वाले जवान को क्या संदेश दे रहे हैं?‘

गुरुवार को ही एक वीडियो वायरल हुई थी जिसमें, पाकिस्तान की नैशनल असैंबली के एक सदस्य और सेना के पूर्व मेजर ताहिर इकबाल अपनी बात रखते हुए रो पड़े थे। पूर्व पाकिस्तानी मेजर ताहिर इकबाल ने नैशनल असैंबली में कहा था, ‘हम अपनी कौम से कहते हैं कि सब मिलकर चलो और अपने रब से दुआ करो कि हम सबकी हिफाजत करें। इस मुल्क की रक्षा करें।‘ ताहिर इकबाल ने कहा था कि अल्लाह ने चाहा कि पाकिस्तान बने और उन्होंने ही इस मुल्क को बनाया है। अब वही इसकी हिफाजत करेंगे। उन्होंने रोते हुए कहा था, ‘अल्लाह, तू हमें माफ कर दे। हम तेरे सामने सर झुकाते हैं, माफी मांगते हैं और इसमें कोई दो राय नहीं है कि हम तेरे बड़े गुनहगार हैं।‘

ये भी पढ़ें- BIG BREAKING : बिहार के शीतला मंदिर में मची भगदड़, 5 की मौत, कई लोग घायल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें