इंटरनेशनल डेस्क: दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार (27 फरवरी) को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। राजधानी ला पाज के पास स्थित एल अल्टो शहर में बोलीविया वायुसेना का हरक्यूलिस C-130 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत की खबर है और करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 6 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि विमान लैंडिंग या टेकऑफ के दौरान संतुलन खो बैठा और रनवे से फिसल गया। इसके बाद विमान एयरपोर्ट की बाउंड्री तोड़ते हुए पास की सड़क पर जा गिरा। सड़क पर मौजूद कई कारें और अन्य वाहन इसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मरने वाले लोग विमान में सवार थे या फिर सड़क पर मौजूद वाहनों में। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि यह सैन्य विमान नए बैंक नोट देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाने के मिशन पर था। हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में नए नोट बिखरे दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
HUGE MILITARY PLANE CRASHES IN EL ALTO, BOLIVIA pic.twitter.com/QVlyg63RpX
— RT (@RT_com) February 27, 2026
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, विमान ने इससे पहले सांता क्रूज़ शहर से उड़ान भरी थी और एल अल्टो में उतरते समय यह हादसा हुआ। स्थानीय मीडिया आउटलेट यूनिटेल ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि विमान देश के अंदरूनी इलाकों में मुद्रा पहुंचाने का काम कर रहा था।
वहीं राष्ट्रीय एयरलाइन बोलिवियाना डी एविएशन ने साफ किया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर एल अल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...