Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ब्राजील: हवा में आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, सिंगर ओलिवर ट्री सहित 6 लोगों की मौत

June 15, 2026

ब्राजील: हवा में आपस में टकराए दो हेलीकॉप्टर, सिंगर ओलिवर ट्री सहित 6 लोगों की मौत

इंटरनेशनल डेस्क: ब्राजील के रियो डी जेनेरियो शहर में रविवार सुबह एक दर्दनाक विमान दुर्घटना हुई। जानकारी के अनुसार, दो हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकरा गए, जिसके बाद दोनों दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में कुल छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में प्रसिद्ध गायक ओलिवर ट्री का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।

Brazil Helicopter Crash

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद एक हेलीकॉप्टर पास के एक कार शोरूम पर जा गिरा। हेलीकॉप्टर के गिरते ही वहां खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, जिस हेलीकॉप्टर में ओलिवर ट्री यात्रा कर रहे थे, उसमें उनके साथ लुकास विग्नाले, गैस्पर प्रिम, लुकास ब्रिटो चावेस और पायलट एलेक्जेंडर सूजा भी मौजूद थे। दूसरे हेलीकॉप्टर में केवल पायलट चार्ल्स मार्सिलैक सवार थे। हादसे में सभी छह लोगों की जान चली गई।

बताया गया है कि दुर्घटना में शामिल हेलीकॉप्टरों में एक एयरबस H125 और दूसरा बेल 206B जेट रेंजर मॉडल का था। यह हादसा सुबह करीब 8:59 बजे हुआ। टक्कर के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों का मलबा आसपास के क्षेत्र में बिखर गया। दुर्घटना के कारण लगी आग से करीब 20 वाहन प्रभावित हुए। घटना के बाद राहत एवं बचाव दल ने तुरंत अभियान शुरू किया, लेकिन किसी भी यात्री को जीवित नहीं बचाया जा सका। सभी शवों को कब्जे में लेकर पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं।

ब्राजील की विमानन सुरक्षा एजेंसियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, खराब मौसम या किसी मानवीय गलती की वजह से हुई। फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है।

बता दें ओलिवर ट्री संगीत जगत का एक जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने कम उम्र में ही संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके कई गाने और एल्बम दुनिया भर में लोकप्रिय हुए थे। उनके प्रशंसक बड़ी संख्या में विभिन्न देशों में मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, आने वाले महीनों में ओलिवर ट्री यूरोप, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और चीन में कई लाइव शो करने वाले थे। उनका नया संगीत दौरा जुलाई की शुरुआत में पुर्तगाल से शुरू होना था। इस दुखद हादसे की खबर से उनके प्रशंसकों और संगीत जगत में शोक की लहर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें