Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

खाई में गिरी बस, माता वैष्णो देवी मंदिर से लौट रहे 17 तीर्थयात्री घायल, चालक की मौके पर मौत

February 23, 2025

खाई में गिरी बस, माता वैष्णो देवी मंदिर से लौट रहे 17 तीर्थयात्री घायल, चालक की मौके पर मौत

Bus Fell into Ditch in Manda : जम्मू के कटरा में माता वैष्णो देवी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की एक बस शनिवार शाम सड़क से फिसलकर 30 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे हिमाचल प्रदेश के एक चालक की मौत हो गई और 17 तीर्थयात्री घायल हो गए। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और बचाव दल तथा अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।

मोड़ लेते समय हुआ हादसा-
इस मामले को लेकर अधिकारियों ने बताया कि बस का पंजीकरण नंबर यूके-07पीए-5640 था और यह दिल्ली जा रही थी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना जम्मू बस स्टैंड से लगभग 8 किलोमीटर दूर मांडा के पास हुई। उन्होंने बताया कि मोड़ लेते समय चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन खाई में गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद घटनास्थल पर बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

बस चालक की मौके पर मौत-
उन्होंने बताया कि 17 घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई और बाद में पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), यातायात पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा कर्मियों की संयुक्त टीम ने दो घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत के बाद चालक का शव मौके से बरामद किया।

इन राज्यों के है घायल यात्री-
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान राकेश के रूप में हुई है। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए तीर्थयात्री दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के हैं।

CM ने घायलों के शीघ्र ठीक होने कि कामना की-
मुख्यमंत्री ने चालक के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं मांडा में हुई बस दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। इस दुखद घटना में अपनी जान गंवाने वाले चालक के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।” अब्दुल्ला ने कहा, “शुक्र है कि सभी घायलों की हालत स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उन्होंने कहा, “मैं बचाव दल और अधिकारियों को उनके त्वरित सहयोग और सराहनीय प्रयासों के लिए धन्यवाद देता हूं। मेरा कार्यालय संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें