नई दिल्ली। दिल्ली से लेह जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा। इस विमान में करीब 150 यात्री सवार थे। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद पायलटों को पता चला कि विमान के एक इंजन में दिक्कत है। यह फ्लाइट SG121 दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुई थी। जैसे ही इंजन में समस्या का संकेत मिला, पायलटों ने सावधानी बरतते हुए तुरंत विमान को वापस दिल्ली ले जाने का फैसला किया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित
विमान के वापस लौटने की सूचना मिलते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। इससे विमान को तुरंत और सुरक्षित लैंडिंग की प्राथमिकता मिल सके। एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड को भी तैयार रखा गया था, ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटा जा सके। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया। स्पाइसजेट की ओर से अभी तक इंजन में आई खराबी के सही कारण के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि मेंटेनेंस टीम विमान की पूरी जांच करेगी और तकनीकी समस्या का पता लगाएगी।
चतरा में एयर एंबुलेंस हादसा, 7 लोगों की मौत
इसी बीच, सोमवार को एक और दुखद हादसा सामने आया। रांची से दिल्ली आ रही एक एयर एंबुलेंस चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह विमान शाम 7 बजकर 11 मिनट पर रांची एयरपोर्ट से उड़ा था और इसे रात करीब 8 बजकर 30 मिनट तक दिल्ली पहुंचना था। लेकिन उड़ान भरने के लगभग 23 मिनट बाद, यानी 7 बजकर 34 मिनट पर, विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से टूट गया। इसके बाद विमान चतरा जिले के सिमरिया ब्लॉक के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कुल 7 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से सभी सात शव बरामद कर लिए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...