Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PoK में आतंकी ढांचे नष्ट करे पाक, नहीं तो परिणाम भुगतने को तैयार रहे : राजनाथ

January 15, 2025

PoK में आतंकी ढांचे नष्ट करे पाक, नहीं तो परिणाम भुगतने को तैयार रहे : राजनाथ

अखनूर (जम्मू कश्मीर): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पाकिस्तान पर आतंकवाद को प्रायोजित कर भारत को अस्थिर करने के लगातार प्रयास करने का आरोप लगाया और कहा कि उसे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में अपने आतंकवादी बुनियादी ढांचे को नष्ट करना होगा या परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर, पाक अधिकृत कश्मीर के बिना अधूरा है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का इस्तेमाल आतंकवाद के केंद्र के रूप में किया जा रहा है तथा इसकी भूमि प्रशिक्षण शिविरों और घुसपैठ गतिविधियों के लिए ‘लॉन्च पैड’ के रूप में काम कर रही है।

सिंह ने अखनूर इलाके में पूर्व सैनिकों की रैली को संबोधित करते हुए कहा, पीओके की जमीन का इस्तेमाल आतंकवाद का कारोबार चलाने के लिए किया जा रहा है। आज भी वहां आतंकी प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं। सीमा के पास के इलाकों में लॉन्च पैड बनाए गए हैं और भारत सरकार को इस बारे में पुख्ता जानकारी है और वह हालात से पूरी तरह वाकिफ है। पाकिस्तान को इसे खत्म करना होगा, नहीं तो..। पीओके पर भारत की स्थिति दोहराते हुए उन्होंने कहा, पाकिस्तान के लिए पीओके विदेशी क्षेत्र से ज्यादा कुछ नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि पीओके के लोग सम्मानजनक जीवन से वंचित हैं और पाकिस्तान के शासकों ने अपने भारत विरोधी एजैंडे को आगे बढ़ाने के लिए धर्म के नाम पर उनका शोषण किया है।

सिंह ने पीओके के प्रधानमंत्री अनवर-उल-हक की हाल की टिप्पणियों की भी निंदा की तथा कहा कि यह जनरल जिया-उल-हक के समय से पोषित पाकिस्तान के भारत विरोधी एजैंडे का ही एक हिस्सा है। उन्होंने पाकिस्तान के साथ 1965 के युद्ध में भारतीय सेना के वीरतापूर्ण प्रयासों को भी याद किया तथा उन बलिदानों और रणनीतिक प्रतिभा पर प्रकाश डाला जिसके कारण भारत को जीत मिली।

ये भी पढ़ें: पंजाब में UIDAI ने जारी किए आदेश: 30 सितंबर तक मुफ़्त रहेगा आधार अपडेट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें