जम्मू कश्मीर डेस्कः आस्था और श्रद्धा के प्रतीक श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में वर्ष 2026 की शुरुआत श्रद्धालुओं की भारी संख्या से हुई है। जनवरी-फरवरी में कुल 11 लाख 42 हजार 92 यात्री माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे, जो 2025 की समान अवधि से 1 लाख 94 हजार 63 अधिक है। वर्ष 2025 में जनवरी-फरवरी तक कुल 9 लाख 48 हजार 29 श्रद्धालु भवन पहुंचे थे।
ये भी देखें :-
पिछले वर्ष प्रयागराज महाकुंभ के कारण संख्या कम रही थी, लेकिन इस बार रुझान लगातार बढ़ रहा है। फरवरी में यह वृद्धि और स्पष्ट हुई कि 2025 के 3 लाख 78 हजार 865 के मुकाबले 2026 में 4 लाख 45 हजार 178 श्रद्धालु पहुंचे।
रोजाना 14-18 हजार दर्शनार्थी
परीक्षाओं के बावजूद प्रतिदिन 14 से 18 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। 2 मार्च को दोपहर 2 बजे तक 11 हजार ने पंजीकरण कराया। अधिकारियों का अनुमान है कि परीक्षाएं खत्म होने और होली के बाद यात्रा में और तेजी आएगी।
मौसम साफ, सुविधाएं चाक-चौबंद
कटड़ा-भवन मार्ग पर मौसम साफ है, हालांकि दिन में गर्मी बढ़ रही है। हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, केबल कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं सुचारु हैं। कई यात्री गर्भजून गुफा के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं, फिर भैरव घाटी में बाबा भैरवनाथ को प्रणाम कर यात्रा समाप्त कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें :-
श्राइन बोर्ड, पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, शुद्ध पानी व अन्य सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की है। कटड़ा बाजार में प्रसाद-खरीदारी से रौनक छाई हुई है। बढ़ते आंकड़ों से लगता है कि 2026 में यात्रा नए कीर्तिमान रचेगी।

