Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित संगठनों के 9 उग्रवादी गिरफ्तार

May 31, 2025

मणिपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित संगठनों के 9 उग्रवादी गिरफ्तार

Militants arrested in Manipur : मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवाद और जबरन वसूली की घटनाओं पर नकेल कसते हुए विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े नौ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस अभियान को राज्य में शांति बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

बिष्णुपुर जिले से KYKLके तीन कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को बिष्णुपुर जिले के लीमापोकपम इलाके से प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप (KYKL) के तीन सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी जबरन वसूली की गतिविधियों में लिप्त पाए गए। इनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।

टेंग्नौपाल और इंफाल से भी बड़ी कार्रवाई

शुक्रवार को टेंग्नौपाल जिले के गंगपीजांग गांव (बीपी-74) में सुरक्षाबलों ने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के तीन काडर और कंगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP) के दो सदस्यों को धर दबोचा। वहीं, इंफाल पश्चिमी जिले के युमनाम हुइड्रोम से KCP (PWG) के एक अन्य सक्रिय काडर को गिरफ्तार किया गया, जो घाटी के क्षेत्रों में जबरन वसूली की वारदातों में संलिप्त था।

डंपी हिल से हथियारों का जखीरा बरामद

तलाशी अभियान के दौरान चुराचांदपुर जिले के डंपी हिल वन क्षेत्र से सुरक्षाबलों ने तीन आग्नेयास्त्र, एक मोर्टार, एक रेडियो सेट और दो चार्जर भी बरामद किए हैं। यह बरामदगी राज्य में सक्रिय उग्रवादी गुटों की मंशा और तैयारियों की ओर संकेत करती है।

राज्य में चल रहा व्यापक तलाशी अभियान

पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज्य में जबरन वसूली और उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इन अभियानों से उग्रवादियों की कमर टूट रही है और आम नागरिकों को राहत मिल रही है।

मणिपुर में जारी जातीय हिंसा

गौरतलब है कि मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा फैली हुई है, जिसमें अब तक 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद 13 फरवरी 2025 को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें