नेशनल डेस्क: लगभग एक हफ्ते तक देश के कई एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल और देरी की वजह से भारी अफरा-तफरी मचने के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने आखिरकार अपने ऑपरेशन को फिर से ठीक कर लिया है। कंपनी के CEO पीटर एल्बर्स ने एक बयान जारी करके यात्रियों से माफी मांगी और कहा कि अब इंडिगो का कामकाज “पूरी तरह स्टेबल” हो गया है।
पीटर एल्बर्स ने कहा, “हमने आपको निराश किया, इसके लिए हमें दिल से अफसोस है। अब इंडिगो फिर से अपने पैरों पर खड़ी है और उड़ानें सामान्य रूप से चल रही हैं।” शुरुआती लक्ष्य था कि फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके घर या मंज़िल पर भेजा जाए। उन्होंने कहा, “कैंसिलेशन वापस नहीं किया जा सकता, लेकिन हम आपकी पूरी मदद करने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।”
लाखों यात्रियों को बिना कोई सवाल पूछे पूरा रिफंड दिया जा चुका है। जिन यात्रियों का सामान हवा में फंस गया था, उनमें से ज्यादातर का सामान घर पहुंचा दिया गया है। बाकी का सामान भी जल्द भेजने का वादा किया गया है।
5 दिसंबर को इंडिगो केवल 700 फ्लाइट्स चला पाई थी। सुधार के बाद 6 दिसंबर को 1500 फ्लाइट्स, 7 दिसंबर को 1650 फ्लाइट्स, 8–9 दिसंबर को 1800 से ज्यादा फ्लाइट्स चली पाईं। अब इंडिगो अपने सभी 138 डेस्टिनेशन्स पर नॉर्मल ऑपरेशन कर रही है। CEO ने बताया कि 10–15 दिसंबर के बीच नॉर्मल होने का अनुमान था, लेकिन 9 दिसंबर से ही ऑपरेशन पूरी तरह ट्रैक पर आ गया है।
DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ने स्थिति को देखते हुए इंडिगो को सभी सेक्टर में 5% फ्लाइट्स कम करने का आदेश दिया। इंडिगो को 10 दिसंबर शाम 5 बजे तक नया, एडजस्टेड फ्लाइट शेड्यूल जमा करने के लिए कहा गया है। DGCA ने नोटिस में बताया कि इंडिगो को नवंबर 2025 के लिए 64,346 फ्लाइट्स की मंज़ूरी थी, लेकिन एयरलाइन सिर्फ़ 59,438 फ्लाइट्स ही चला पाई, और 951 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं।
दिल्ली IGI एयरपोर्ट पर 152 इंडिगो फ्लाइट्स कैंसिल (76 आने वाली, 76 जाने वाली) हुई। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 121 फ्लाइट्स कैंसिल (58 आने वाली, 63 जाने वाली) हुई।
इंडिगो ने कहा कि वे सरकार के साथ मिलकर स्थिति को सुधार रहे हैं। एयरलाइन अंदरूनी जांच भी कर रही है कि इस बड़ी गड़बड़ी की असली वजह क्या थी और कैसे इसे दोबारा होने से रोका जाए। CEO ने कहा कि यात्रियों के भरोसे ने उनकी टीम को वापस खड़े होने की ताकत दी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...