Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्नाटक के इस जिले में 22 लोगों की हार्ट अटैक से मौत, 40 दिनों के आंकड़े ने बढ़ाई टेंशन; सीएम ने कही ये बात

July 2, 2025

कर्नाटक के इस जिले में 22 लोगों की हार्ट अटैक से मौत, 40 दिनों के आंकड़े ने बढ़ाई टेंशन; सीएम ने कही ये बात

नेशनल डेस्क : कर्नाटक के हासन जिले में हार्ट अटैक से होने वाली मौतों ने सरकार और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते 40 दिन की बात करें तो यहां 22 लोगों की जान हार्ट अटैक से जा चुकी है। मौत का नया मामला होलेनरसीपुर तालुक इलाके के सोमनहल्ली गांव के कोप्पालु में सामने आया है। यहां जिस शख्स की मौत हुई है, उसका नाम संजू बताया जा रहा है।

उसकी शादी हाल ही में हुई थी। बीते दिन की बात करें तो इस इलाके में 4 जानें जा चुकी हैं। मामले में अब सीएम सिद्धारमैया की टिप्पणी भी सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बताया कि सरकार मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है। सीएम ने कहा कि वे मामलों की सच्चाई को सामने लाकर रहेंगे। सरकार लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। सरकार मामलों को हल्के में नहीं ले रही है।

10 दिन में मांगी गई रिपोर्ट

मामलों की जांच के लिए उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है। हम हासन जिले में सामने आ रहे मामलों को रोकने के लिए काम कर रहे हैं। पिछले एक महीने में ही यहां 20 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। सरकार ने मामले की जांच के लिए जयदेव हृदय विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. रविंद्रनाथ की अध्यक्षता में एक स्पेशल कमेटी का गठन किया है। इस समिति को 10 दिन के अंदर रिपोर्ट देने को कहा गया है।

बीजेपी पर बरसे सिद्धारमैया

बता दें कि फरवरी में भी एक समिति का गठन किया गया था। समिति को जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि राज्य में अचानक युवाओं की मौतें हो रही हैं। कहीं कोविड वैक्सीन के दुष्प्रभाव की वजह से तो युवाओं की मौत नहीं हो रही है? समिति की ओर से मरीजों की जांच और आंकड़ों का विश्लेषण भी किया गया था।

सिद्धारमैया ने कहा कि कोविड वैक्सीन कहीं न कहीं इन मौतों के लिए जिम्मेदार हो सकता है? इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर भी निशाना साधा। सिद्धारमैया ने कहा कि बीजेपी के कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे संवेदनशील मामले को इस्तेमाल कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें