Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर खींचतान, कांग्रेस ने 125-130 सीटों पर जताई दावेदारी

October 31, 2026

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों को लेकर खींचतान, कांग्रेस ने 125-130 सीटों पर जताई दावेदारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा नेतृत्व को उन विधानसभा सीटों की सूची सौंप दी है, जहां से वह अपने चुनाव चिह्न पर उम्मीदवार उतारना चाहती है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने करीब 125 से 130 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

‘खरगे ने सूची अखिलेश यादव को सौंपी’

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह सूची सीधे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपी है। बताया जा रहा है कि दिल्ली में कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। बैठक के दौरान यूपी के नेताओं से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति और चुनावी संभावनाओं को लेकर फीडबैक लिया गया था। इसी फीडबैक के आधार पर सीटों की सूची तैयार की गई।

सीटों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा

वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस से उन सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम भी मांगे गए हैं, जहां पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है। सपा का मानना है कि उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत को आगे बढ़ाना आसान होगा। हालांकि, सीटों की संख्या को लेकर दोनों पार्टियों के बीच सहमति बनना आसान नहीं दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी कांग्रेस को 40 से 50 से ज्यादा सीटें देने के पक्ष में नहीं है। सपा नेतृत्व का मानना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा था। पार्टी न तो ज्यादा सीटें जीत पाई थी और न ही उसे उम्मीद के मुताबिक वोट प्रतिशत मिला था।

सपा ने 347 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे

गौरतलब है कि पिछले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कुल 403 सीटों में से समाजवादी पार्टी ने 347 सीटों पर अपने चुनाव चिह्न साइकिल के साथ उम्मीदवार उतारे थे। बाकी सीटें गठबंधन के सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गई थीं। सूत्रों के मुताबिक, इस बार भी सपा करीब 340 से 350 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। पार्टी का मानना है कि साइकिल चुनाव चिह्न के साथ चुनाव लड़ने पर उम्मीदवारों की जीत की संभावनाएं बेहतर रहती हैं। इसी वजह से सपा ज्यादा सीटें अपने पास रखना चाहती है।

हालांकि, समाजवादी पार्टी ने एक अहम फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने जिन विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की है, उन पर सपा फिलहाल अपने आधिकारिक उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं करेगी। पार्टी सीटों के बंटवारे पर बातचीत पूरी होने के बाद ही इन सीटों को लेकर अंतिम फैसला लेगी। फिलहाल, यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर जारी है। अब देखना होगा कि दोनों दल किस फॉर्मूले पर सहमति बनाते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत कितनी सीटों पर चुनाव लड़ते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें