
UP Road accident : उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा श्रीनगर थाना क्षेत्र के ननौरा गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में हुआ।
कार से टकराई बाइक, 5 की मौत
पुलिस के मुताबिक, बगरैन गांव के कुश कुमार की पत्नी कंचन और परिवार के अन्य सदस्य कार में सवार थे। वे ननौरा गांव में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने आए थे। हालांकि, जैसे ही कार गांव के पास एक मोड़ पर पहुंची, उसका टायर अचानक फट गया। इससे कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। इसके बाद दोनों वाहन खाई में जा गिरे। टक्कर में बाइक चकनाचूर हो गई और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर काफी चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिन्होंने घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 5 लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दो बाइक सवार शामिल हैं। फिलहाल 3 और घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
एएसपी वंदना सिंह ने बताया, ‘पुलिस को ईको कार और बाइक में टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि ईको कार का टायर फटने से हादसा हुआ है। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों के शव कब्जे में ले लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार सवार लोगों की पहचान कर ली गई है। फिलहाल बाइक पर आए युवकों की पहचान की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...