खेल डेस्क: भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। साल 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का अधिकार भारत को मिल गया है और यह मेगा स्पोर्ट्स इवेंट अहमदाबाद में आयोजित होगा। भारत पहले से ही इस दौड़ में सबसे आगे था और अब यह फैसला आधिकारिक रूप से मंजूर कर लिया गया है। इससे पहले भारत ने 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स कराए थे, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया था।
ऐलान कहां किया गया?
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ स्पोर्ट जनरल असेंबली में यह घोषणा की गई। पिछले महीने कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने अहमदाबाद को 2030 गेम्स की मेजबानी के लिए सुझाया था। इसके बाद 74 सदस्यों वाली जनरल असेंबली में इसे मंजूरी देना सिर्फ एक औपचारिकता थी।
पीटी उषा ने जताई खुशी
कॉमनवेल्थ गेम्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की प्रेसिडेंट डॉ. पीटी उषा ने कहा कि भारत पर जताया गया भरोसा बेहद सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि 2030 के गेम्स कॉमनवेल्थ मूवमेंट के 100 साल पूरे होने का जश्न भी होंगे और आने वाले समय की मजबूत नींव भी रखेंगे। यह आयोजन सभी देशों के एथलीट्स, संस्कृति और समुदायों को एकजुट करेगा।
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के प्रेसिडेंट की क्या प्रतिक्रिया रही?
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के प्रेसिडेंट डॉ. डोनाल्ड रुकारे ने कहा कि यह कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के लिए एक नए सुनहरे दौर की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि ‘गेम्स रीसेट’ के बाद सभी 74 टीमों का स्वागत करने की तैयारी ग्लासगो 2026 में होगी, और फिर हर किसी की नजरें अहमदाबाद में होने वाले खास शताब्दी (100वें) एडिशन पर होंगी।
अहमदाबाद 2030 में कितने और कौन-कौन से खेल होंगे?
अहमदाबाद में 15 से 17 खेलों को शामिल किया जाएगा। इनमें से कई स्पोर्ट्स जैसे एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, स्विमिंग और पैरा स्विमिंग, टेबल टेनिस और पैरा टेबल टेनिस, लॉन बाउल्स और पैरा बाउल्स, वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, नेटबॉल और बॉक्सिंग पहले ही तय हो चुके हैं।
विचाराधीन खेल
आर्चरी, बैडमिंटन, 3×3 बास्केटबॉल और व्हीलचेयर बास्केटबॉल, बीच वॉलीबॉल, क्रिकेट T20, साइकिलिंग, डाइविंग, हॉकी, जूडो, रिदमिक जिम्नास्टिक्स, रग्बी सेवन्स, शूटिंग, स्क्वैश, ट्रायथलॉन और पैरा ट्रायथलॉन, रेसलिंग आदि। होस्ट देश दो नए या पारंपरिक खेलों का प्रस्ताव भी दे सकता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...