नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुई रिकॉर्ड वोटिंग के बाद, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मोतिहारी में एक बड़ी रैली की। उन्होंने महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की जनता ने बता दिया है कि अब “लालटेन की मंद रोशनी” में कोई अपराध नहीं कर पाएगा।
सीएम योगी ने कहा, “पहले चरण के मतदान से साफ हो गया है कि बिहार की जनता अब अंधकार नहीं, रोशनी चाहती है। अब लालटेन की मंद रोशनी में कोई अपराध नहीं होगा। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार एक बार फिर एलईडी की चमक में नहाएगा।” सीएम योगी ने कहा कि 14 नवंबर को जब नतीजे आएंगे, तो एनडीए की सरकार फिर से बनेगी और बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।
कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि ये दोनों पार्टियां ही बिहार को पीछे ले जाने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा, “बिहार जैसी ऐतिहासिक भूमि, जिसने नालंदा विश्वविद्यालय जैसी विश्वविख्यात जगह दी और जहाँ भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ, वह साक्षरता में पिछड़ गया और इसके लिए कांग्रेस और राजद बराबर जिम्मेदार हैं।”
इससे पहले सीतामढ़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महागठबंधन पर “कट्टा सरकार” वाला तंज दोहराया था। उन्होंने कहा था, “बिहार को अब कट्टा सरकार नहीं, बल्कि एनडीए सरकार चाहिए।” पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण की भारी वोटिंग से “जंगलराज” चलाने वालों को “65 वोल्ट का झटका” लगा है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 65.08% मतदान हुआ, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे ज़्यादा है। दूसरे चरण के लिए मतदान 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...