नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी सोमवार को संसद परिसर में अपनी कार से एक आवारा पिल्ला लेकर पहुंचीं। इस पर कुछ सांसदों ने आपत्ति जताई, तो चौधरी ने बेबाकी से कहा कि यह कोई मुद्दा नहीं है और “असली कुत्ते तो संसद में बैठे हैं, जो हर दिन लोगों को काट रहे हैं।”
दरअसल, चौधरी जब संसद जा रही थीं, तभी उन्होंने सड़क पर एक स्कूटर और कार की टक्कर देखी। उसी समय उन्होंने एक छोटा पिल्ला सड़क के किनारे भटकते हुए देखा। उन्हें लगा कि पिल्ला किसी गाड़ी के नीचे न आ जाए, इसलिए उन्होंने उसे उठाकर अपनी कार में बैठा लिया और उसे सुरक्षित रखते हुए संसद तक ले आईं। चौधरी ने बताया कि जैसे ही वह संसद से उतरीं, थोड़ी देर बाद कार भी चली गई और पिल्ला वहां से चला गया। उन्होंने कहा कि यह बस एक मानवीय कदम था, इसमें विवाद की कोई वजह नहीं है।
#ParliamentWinterSession | Delhi: On the controversy over bringing a dog to Parliament, Congress MP Renuka Chowdhary said, “Is there any law? I was on my way. A scooter collided with a car. This little puppy was wandering on the road. I thought it would get hit. So I picked it… pic.twitter.com/fNPkCMfOyX
— ANI (@ANI) December 1, 2025
उन्होंने कहा, “क्या कोई कानून है कि पप्पी को कार में नहीं ला सकते? मैंने सिर्फ उसे बचाया। कार और कुत्ता दोनों वापस चले गए। फिर इतनी चर्चा किस बात की?” बिना किसी NDA सांसद का नाम लिए, उन्होंने सत्ता पक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “असली कुत्ते तो संसद में बैठे हैं। हम तो एक बेजुबान जानवर की मदद करते हैं और यह बड़ा मुद्दा बन जाता है। लेकिन जो लोग संसद में बैठकर हमें हर दिन ‘काटते’ हैं, उन पर कोई चर्चा नहीं होती।”
संसद के विंटर सेशन के दौरान विपक्ष ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न) पर चर्चा की मांग को लेकर लगातार नारेबाजी की। लोकसभा में “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे लगे, जिसके बाद स्पीकर की कुर्सी संभाल रहीं सांसद संध्या राय ने सदन को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया।
राज्यसभा में भी हंगामे के बीच, नए राज्यसभा चेयरमैन और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद राज्यसभा भी 2 बजे तक स्थगित हो गई। कई सांसदों ने पार्टी लाइन से अलग होकर राधाकृष्णन का स्वागत किया।