
चंडीगढ़: आगामी स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर शुक्रवार को राज्य के 151 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) चलाया गया।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव के निर्देश और विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला की निगरानी में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी 28 जिलों में किया गया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्रियों की जांच की गई और 72 संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
इसी दिन, पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अपने अभियान का 160वां दिन भी जारी रखा। राज्यभर में 352 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 59 मामले दर्ज कर 96 नशा तस्कर गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने इनके पास से 1.2 किलो हेरोइन, 1.1 किलो अफीम, 12,627 नशीली गोलियां और 2.3 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की। अब तक 160 दिनों में 25,149 नशा तस्कर पकड़े जा चुके हैं।
‘नशा मुक्ति’ पहल के तहत पुलिस ने 53 लोगों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए राजी किया। इस सुरक्षा और तलाशी अभियान में 232 से ज्यादा पुलिस टीमों और 106 राजपत्रित अधिकारियों ने भाग लिया। पूरे दिन चले इस ऑपरेशन में 375 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।