नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण ही पाकिस्तान और बांग्लादेश का निर्माण हुआ और आज उसी का नतीजा है कि वहां हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में बांग्लादेश में एक दलित हिंदू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, लेकिन जो लोग गाजा पट्टी के मुद्दे पर आंसू बहाते हैं, उन्होंने इस घटना पर एक शब्द भी नहीं कहा। योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि विपक्ष के लिए दलित, किसान और महिलाएं सिर्फ वोट बैंक हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर देश का विभाजन नहीं हुआ होता, तो आज हिंदुओं को इस तरह के अत्याचार नहीं झेलने पड़ते। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब उनकी सरकार बांग्लादेश के अवैध प्रवासियों और रोहिंग्याओं को प्रदेश से बाहर निकालेगी, तो यही लोग विरोध करेंगे क्योंकि ये लोग भी उनके वोट बैंक का हिस्सा हैं।
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी योजनाओं में हो रही लूट को रोका है। उन्होंने कहा कि सपा इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन हकीकत कुछ और है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जेपीएनआईसी परियोजना की लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन 860 करोड़ खर्च होने के बाद भी वह अधूरी है। इसी तरह गोमती रिवर फ्रंट 167 करोड़ की योजना थी, जिस पर 1400 करोड़ खर्च हो गए, फिर भी काम पूरा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का सिविल वर्क सपा सरकार में 15,200 करोड़ रुपये में तय हुआ था, जबकि उनकी सरकार ने वही एक्सप्रेस-वे 11,400 करोड़ रुपये में पूरा करके दिखा दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार किया है। इसी वजह से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और आज निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की सूची से बाहर निकाल दिया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में व्यापारियों से गुंडा टैक्स नहीं लिया जाता। अगर कोई अपराधी किसी बेटी के साथ छेड़छाड़ करता है, तो उसे सख्त कार्रवाई का डर रहता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सुधारों की वजह से आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ सबसे ज्यादा खिलवाड़ सपा सरकार में हुआ। उनकी सरकार ने अब तक करीब 9 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और इनमें कहीं भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले यूपी के लोगों को अपनी पहचान और सुरक्षा को लेकर डर लगता था, लेकिन अब प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल चुकी है। आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट वाला राज्य बन चुका है और सरकारी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हो रही हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...