Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

हेल्थ टिप्स: इलायची से पाएं ठंडक, गले और मुंह की समस्याओं में राहत

March 28, 2026

हेल्थ टिप्स: इलायची से पाएं ठंडक, गले और मुंह की समस्याओं में राहत

गगर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है और बढ़ते तापमान के साथ पेट, गले और मुंह की कई छोटी-बड़ी समस्याएं आम हो गई हैं। गर्मियों में प्राकृतिक और घरेलू उपाय अपनाकर सेहतमंद रहा जा सकता है। ऐसे में भारतीय रसोईघरों में उपलब्ध छोटी सी इलायची सेहत के लिए रामबाण साबित हो सकती है।

आयुर्वेद में इलायची को औषधीय गुणों का खजाना माना जाता है। यह न सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाती है, बल्कि गर्मी से होने वाली परेशानियों से भी राहत दिलाती है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार, रोजाना इलायची का सेवन कई आम बीमारियों में आराम पहुंचाता है। गर्मियों में सबसे ज्यादा समस्या अपच, एसिडिटी और मुंह के छालों की होती है। खाना खाने के बाद एक इलायची मुंह में रखकर चबाने से पेट की हाइपर एसिडिटी कंट्रोल हो जाती है। खट्टी डकारें, सीने में जलन और भारीपन जैसी शिकायतें दूर होती हैं। गर्मी में गला अक्सर खराब हो जाता है। गले में खराश, खांसी या आवाज बैठ जाना आम हो जाता है। ऐसे में 1-2 इलायची धीरे-धीरे चबाकर उसका रस गले से नीचे जाने दें। कुछ ही देर में गले को आराम महसूस होगा।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/lifestyle/paneer-eating-time-benefits-who-should-avoid/

मुंह के छालों की समस्या भी गर्मियों में बढ़ जाती है। इलायची को मिश्री के साथ मिलाकर चबाने से छालों में जलन और दर्द कम होता है व छाले जल्दी ठीक हो जाते हैं। इलायची हिचकी रोकने में भी बहुत कारगर है। अगर हिचकी बार-बार आ रही हो तो एक इलायची चबाएं या इसका पाउडर पानी के साथ लें। हिचकी तुरंत बंद हो जाएगी। इसके अलावा इलायची मुंह के संक्रमण और बैक्टीरिया को भी दूर करती है। रोज भोजन के बाद एक इलायची चबाने की आदत डालें तो मुंह से दुर्गंध नहीं आएगी और दांत स्वस्थ रहेंगे। इलायची में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण सूजन को कम करते हैं और संक्रमण से बचाव करते हैं।

इलायची का सेवन कई आसान तरीकों से किया जा सकता है। इसे चाय में डालकर, दूध में उबालकर या सीधे चबाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। गर्मियों में इलायची वाली चाय या दूध पीना शरीर को ठंडक पहुंचाता है और पाचन तंत्र को मजबूत रखने के साथ ही तनाव को भी दूर करता है।

एक्सपर्ट्स की सलाह है कि गर्मी के मौसम में रोजाना 1-2 इलायची का सेवन जरूर करें। यह छोटी-सी आदत पेट, गला और मुंह की कई परेशानियों को जड़ से दूर रख सकती है, हालांकि गंभीर समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें