नई दिल्ली : रोजाना सिर्फ एक शराब की ड्रिंक भी आपकी सेहत पर असर डाल सकती है। इससे व्यक्ति का ब्लड प्रैशर और कोलैस्ट्रॉल स्तर बढ़ सकता है जो आगे चलकर हार्ट अटैक और स्ट्रोक का कारण बन सकता है। ‘हाइपरटैंशन’ (अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन का एक जर्नल) में प्रकाशित इस स्टडी में अमरीका, जापान और दक्षिण कोरिया के करीब 19,548 से ज्यादा लोगों के डाटा को शामिल किया गया। इन लोगों की सेहत को कई सालों तक ट्रैक किया गया ताकि यह समझा जा सके कि शराब पीने और ब्लड प्रैशर बढ़ने के बीच क्या संबंध है। शोधकर्ताओं ने पाया कि शराब की मात्रा और ब्लड प्रैशर के बीच एक सीधा संबंध है।
जैसे-जैसे रोजाना शराब का सेवन बढ़ता है, वैसे-वैसे सिस्टोलिक ब्लड प्रैशर (दिल द्वारा शरीर में रक्त पंप करने का दबाव) में भी बढ़ौतरी होती है। अध्ययन के अनुसार, कम मात्रा में शराब पीने वाले लोगों में भी ब्लड प्रैशर में हल्की लेकिन लगातार वृद्धि दर्ज की गई। इसका मतलब यह है कि भले ही शुरुआती स्तर पर यह बदलाव बहुत बड़ा न लगे, लेकिन लंबे समय में यह हृदय और रक्त वाहिकाओं पर दबाव बढ़ा सकता है।
यह स्थिति आगे चलकर हार्ट अटैक, स्ट्रोक और अन्य हृदय संबंधी बीमारियों का कारण बन सकती है। इसके अलावा, अध्ययन में यह भी देखा गया कि पुरुषों में डायस्टोलिक ब्लड प्रेशर (जो दिल की धड़कनों के बीच रक्त वाहिकाओं में दबाव को मापता है) में वृद्धि हुई, जबकि महिलाओं में यह प्रभाव स्पष्ट रूप से नहीं देखा गया। यह निष्कर्ष मिरर की रिपोर्ट में भी सामने आया।