Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मीठे के शौकीनों के लिए खुशखबरी, सेहतमंद हैं ये पांच विकल्प

February 7, 2026

मीठे के शौकीनों के लिए खुशखबरी, सेहतमंद हैं ये पांच विकल्प

सफेद चीनी या टेबल शुगर लगभग हर घर की रसोई में मिल जाती है। चाय से लेकर मिठाइयों तक, इसका इस्तेमाल आम बात है। लेकिन सेहत के लिहाज से सफेद चीनी काफी नुकसानदायक मानी जाती है। इसमें करीब 90 प्रतिशत सुक्रोज होता है, जो तेजी से ब्लड शुगर बढ़ाता है। लंबे समय तक इसका सेवन मोटापा, डायबिटीज और दूसरी कई बीमारियों की वजह बन सकता है। इसी कारण इसे अक्सर “मीठा जहर” भी कहा जाता है।

अगर आप मीठा पसंद करते हैं और रोजाना सफेद चीनी का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो इसे धीरे-धीरे छोड़ना ही बेहतर है। इसकी जगह कुछ ऐसे विकल्प अपनाए जा सकते हैं, जो स्वाद के साथ सेहत के लिए भी बेहतर हैं।

पहला विकल्प है खजूर। बाजार में खजूर दो तरह के मिलते हैं—एक प्राकृतिक रूप से पके हुए और दूसरे गुड़ में पके हुए। दोनों के अपने फायदे हैं, लेकिन मीठे की तलब कम करने के लिए प्राकृतिक खजूर ज्यादा फायदेमंद माने जाते हैं। ये मीठे तो होते ही हैं, साथ ही शरीर में हार्मोन संतुलन बनाए रखने में भी मदद करते हैं।

दूसरा अच्छा विकल्प है नारियल चीनी। यह नारियल के रस से बनती है और इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, यानी यह ब्लड शुगर को तेजी से नहीं बढ़ाती। इसमें खनिज और एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं। हालांकि, इसकी कैलोरी ज्यादा होती है, इसलिए इसे सीमित मात्रा में लेना बेहतर है। रोजमर्रा में इसे सफेद चीनी की जगह इस्तेमाल किया जा सकता है।

तीसरा विकल्प है स्टीविया, जिसे मीठी तुलसी भी कहा जाता है। स्टीविया से बने उत्पाद जीरो कैलोरी और जीरो शुगर वाले होते हैं। इसका स्वाद हल्का मीठा और थोड़ा कड़वा हो सकता है, लेकिन इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे ब्लड शुगर नहीं बढ़ता। आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल हाई ब्लड प्रेशर, गैस-एसिडिटी और त्वचा से जुड़ी कुछ समस्याओं में भी किया जाता है।

चौथा विकल्प है धागे वाली मिश्री। यह स्वाद में मीठी होती है, लेकिन पेट को ठंडक पहुंचाने और पाचन सुधारने में मदद करती है। सफेद चीनी के मुकाबले इसमें कैलोरी भी कम होती है, इसलिए इसे बेहतर विकल्प माना जाता है।

पांचवां विकल्प है गुड़ या गुड़ से बनी शक्कर। ये आसानी से बाजार में मिल जाते हैं और सफेद चीनी की तुलना में कम नुकसानदेह होते हैं। इनमें कुछ जरूरी खनिज भी पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं।

अगर मीठा छोड़ना मुश्किल लग रहा है, तो सफेद चीनी की जगह इन विकल्पों को अपनाकर आप स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रख सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें