
भारत को यूं ही सोने की चिड़िया नहीं कहा जाता था। प्राचीन समय में यहां के राजा-महाराजाओं के पास इतनी अपार संपत्ति थी कि दुनिया भर से आक्रांता भारत की ओर खिंचे चले आते थे। लेकिन दिलचस्प बात यह है कि कई बार राज सत्ता तो छिन जाती थी मगर खजानों का पता लगाना आसान नहीं होता था।
कई शासकों ने अपने खजानों की जानकारी को इतनी गोपनीय रखा कि उनकी मौत के साथ ही ये रहस्य भी हमेशा के लिए दफन हो गए। यही वजह है कि आज भी भारत में कई ऐसे स्थान हैं जहां अरबों-खरबों का खजाना छुपा होने की मान्यता है लेकिन अब तक कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला।
राजगीर की गुफाएं और बिंबिसार का खजाना
बिहार के राजगीर में स्थित स्वर्ण भंडार गुफाएं सबसे रहस्यमयी जगहों में गिनी जाती हैं। कहा जाता है कि मगध सम्राट बिंबिसार ने अपना खजाना इन्हीं गुफाओं में छुपाया था। गुफाओं की दीवारों पर बनी प्राचीन लिपि आज भी एक अनसुलझी पहेली है जिसे पढ़ पाना अब तक संभव नहीं हो सका। अंग्रेजों ने भी इस खजाने की तलाश की लेकिन उन्हें भी खाली हाथ लौटना पड़ा।
नादिरशाह की दौलत 1739 में दिल्ली पर हमला करने वाले नादिरशाह ने अकूत संपत्ति लूटी थी। कोहिनूर हीरा, सोने-चांदी के सिक्के और बेशकीमती जवाहरात उसके साथ फारस ले जाए गए। मान्यता है कि अपनी मौत से पहले नादिरशाह ने इस खजाने का बड़ा हिस्सा हिंदूकुश पर्वत की सुरंगों में कहीं छुपा दिया, जिसका आज तक कोई सुराग नहीं मिला।
मान सिंह का छुपा हुआ धन
अकबर के विश्वस्त सेनापति राजा मान सिंह प्रथम भी अपने खजाने को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। अफगानिस्तान पर जीत के बाद मिले धन को उन्होंने किसी गुप्त स्थान पर छुपा दिया था। आज़ादी के बाद सरकार ने भी इस खजाने को खोजने की कोशिश की लेकिन कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी।
हैदराबाद के निज़ाम का खजाना
हैदराबाद के आखिरी निज़ाम उस्मान अली खान को एक समय दुनिया का सबसे अमीर इंसान माना जाता था। उनके पास हीरे, मोती, सोना और बेशकीमती गहनों का अंबार था। हालांकि उन्होंने सरकार को बड़ी मात्रा में सोना दान किया, लेकिन उनके असली खजाने का बड़ा हिस्सा आज भी रहस्य बना हुआ है।
मूकाम्बिका मंदिर का रहस्य
कर्नाटक का मूकाम्बिका मंदिर भी खजाने की कहानियों के लिए जाना जाता है। मंदिर परिसर में बने सांपों के निशान इस बात की ओर इशारा करते हैं कि यहां कहीं बड़ा धन छुपा हो सकता है। अब तक कई प्रयास हुए लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला।
अलवर का मुगल खजाना
राजस्थान के अलवर किले को लेकर कहा जाता है कि मुगल बादशाह जहांगीर ने यहां अपना खजाना छुपाया था। लोककथाओं में एक अनमोल हीरे से बने प्याले का जिक्र मिलता है जो आज भी कहीं दबा होने की बात कही जाती है।
पद्मनाभस्वामी मंदिर का धन
केरल के पद्मनाभस्वामी मंदिर में 2011 में जब एक तहखाना खोला गया तो उसमें से हजारों करोड़ रुपये का खजाना निकला। मंदिर का एक और तहखाना आज भी बंद है जिसे लेकर कई रहस्यमयी मान्यताएं जुड़ी हुई हैं।
समुद्र में डूबा सोने का जहाज
1782 में भारत से रवाना हुआ एक जहाज जो सोने के सिक्कों और कीमती रत्नों से भरा था दक्षिण अफ्रीका के पास डूब गया। जहाज का मलबा तो मिल गया लेकिन खजाने का बड़ा हिस्सा आज भी समुद्र की गहराइयों में छुपा माना जाता है। इस जहाज का नाम ग्रॉसवेनर था।
आप भी कर सकते हैं इन जगहों की सैर
इन रहस्यमयी खजानों की कहानियां न सिर्फ रोमांच से भर देती हैं बल्कि भारत के गौरवशाली इतिहास की झलक भी दिखाती हैं। अच्छी बात यह है कि आप चाहें तो इन ऐतिहासिक जगहों की यात्रा कर सकते हैं जहां आज भी सदियों पुराने रहस्य जमीन, पहाड़ों, मंदिरों और किलों में छुपे हुए हैं।