आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में तनाव, चिंता और मानसिक दबाव आम समस्या बन चुका है। काम का बोझ, पारिवारिक जिम्मेदारियां, मोबाइल और सोशल मीडिया की लत -ये सभी दिमाग को लगातार व्यस्त और थका हुआ रखते हैं। ऐसे में हर किसी के लिए रोज़ मेडिटेशन करना संभव नहीं होता। लेकिन अच्छी बात यह है कि बिना मेडिटेशन भी दिमाग को शांत रखा जा सकता है बस जरूरत है कुछ आसान आदतें अपनाने की।
गहरी सांस लेने की आदत
जब भी तनाव महसूस हो कुछ मिनट गहरी सांस लें। नाक से धीरे-धीरे सांस अंदर लें और मुंह से बाहर छोड़ें। इससे शरीर को ज्यादा ऑक्सीजन मिलती है और नर्वस सिस्टम शांत होता है। यह तरीका तुरंत बेचैनी और घबराहट कम करता है।
प्रकृति के साथ समय बिताएं
रोज़ थोड़ी देर खुले वातावरण में टहलना, पेड़ों के बीच समय बिताना या सुबह की ताजी हवा में सैर करना दिमाग को काफी राहत देता है। प्रकृति के संपर्क में रहने से तनाव कम होता है और मन हल्का महसूस करता है।
मोबाइल और स्क्रीन से ब्रेक लगातार मोबाइल, लैपटॉप और टीवी देखने से दिमाग थक जाता है। दिन में कुछ समय डिजिटल डिटॉक्स के लिए निकालें। इस दौरान किताब पढ़ें, संगीत सुनें या परिवार के साथ बातचीत करें। इससे मानसिक शांति बढ़ती है।
नींद पूरी लें
अच्छी नींद मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। रोज़ 7 से 8 घंटे की नींद लेने से दिमाग तरोताजा रहता है। इसके साथ सही दिनचर्या, खानपान और हल्की एक्सरसाइज मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करती है।
मन की बातें
तनाव को मन में दबाकर रखने से समस्या बढ़ सकती है। अपने मन की बातें परिवार या भरोसेमंद दोस्त से साझा करें। इससे मन हल्का होता है और मानसिक बोझ कम होता है। रोज़मर्रा की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर भी मानसिक शांति पाई जा सकती है।

