Site icon Dainik Savera Times

क्या माइक्रोवेव में खाना गर्म करना सेहत के लिए सही है या खतरनाक? सच जानकर चौंक जाएंगे

microwave health effects

microwave health effects

आज के समय में माइक्रोवेव ओवन लगभग हर घर का हिस्सा बन चुका है। ऑफिस से लौटकर जल्दी खाना गर्म करना हो या बचा हुआ खाना इस्तेमाल करना हो- माइक्रोवेव ज़िंदगी को आसान बना देता है। लेकिन इसके साथ एक आम डर भी जुड़ा हुआ है कि कहीं माइक्रोवेव में गर्म किया गया खाना सेहत के लिए नुकसानदायक तो नहीं।

सच यह है कि माइक्रोवेव को लेकर जितनी बातें फैली हुई हैं उनमें से ज्यादातर बातें आधी-अधूरी जानकारी पर बता दी गई हैं।

माइक्रोवेव काम कैसे करता है?
माइक्रोवेव ओवन में इस्तेमाल होने वाली तरंगें नॉन-आयोनाइजिंग होती हैं यानी ये शरीर या खाने के DNA को नुकसान नहीं पहुंचातीं। ये तरंगें खाने के अंदर मौजूद पानी के कणों को तेजी से हिलाती हैं जिससे गर्मी पैदा होती है और खाना गरम हो जाता है। इसका मतलब यह हुआ कि माइक्रोवेव खाना अंदर से पकाता है न कि बाहर से जलाता है।

क्या माइक्रोवेव में खाना गर्म करना सुरक्षित है?
खाने को माइक्रोवेव में गर्म करना सामान्य रूप से सुरक्षित माना जाता है। कई स्टडीज़ में यह भी देखा गया है कि माइक्रोवेव में कम समय में खाना गर्म होता है इसलिए कुछ पोषक तत्व अन्य कुकिंग तरीकों की तुलना में बेहतर तरीके से बच जाते हैं। खासकर सब्जियों में विटामिन्स का नुकसान कम होता है क्योंकि पानी और समय दोनों कम लगते हैं।

इसके अलावा माइक्रोवेव में खाना गर्म करने के दौरान कोई रेडिएशन खाने में नहीं रह जाता। जैसे ही मशीन बंद होती है उसका असर भी खत्म हो जाता है।

फिर डर क्यों है?
असल समस्या माइक्रोवेव नहीं बल्कि उसका गलत इस्तेमाल है। कई बार लोग ऐसी चीज़ें कर देते हैं जो वाकई नुकसान पहुंचा सकती हैं। सबसे बड़ी गलती होती है गलत कंटेनर का इस्तेमाल। सस्ते प्लास्टिक या ऐसे बर्तनों में खाना गर्म करना जिन पर “microwave safe” नहीं लिखा होता उनसे हानिकारक केमिकल खाने में मिल सकते हैं। लंबे समय तक ऐसा करना सेहत के लिए ठीक नहीं है।

दूसरी समस्या है असमान तापन यानि uneven heating जिससे खाना हर जगह बराबर गर्म नहीं होता। अगर खाना ठीक से गर्म नहीं हुआ तो उसमें मौजूद बैक्टीरिया पूरी तरह खत्म नहीं होते। खासकर नॉन-वेज या बचा हुआ खाना इस मामले में रिस्की हो सकता है।

तीसरी आम आदत है एक ही खाने को बार-बार गर्म करना। इससे उसका स्वाद ही नहीं उसकी न्यूट्रिशन वैल्यू भी कम होती जाती है।

माइक्रोवेव को सुरक्षित तरीके से कैसे इस्तेमाल करें?
अगर आप कुछ बेसिक बातों का ध्यान रखें तो माइक्रोवेव पूरी तरह सुरक्षित है। हमेशा माइक्रोवेव-सेफ ग्लास या अच्छे क्वालिटी के कंटेनर का इस्तेमाल करें। खाना गर्म करते वक्त उसे ढककर रखें ताकि नमी बनी रहे और खाना सूखे नहीं। बीच में एक बार खाना हिला देना बेहतर होता है ताकि हर हिस्सा ठीक से गर्म हो जाए। और सबसे जरूरी बात – खाने को बार-बार गर्म करने से बचें।

माइक्रोवेव में खाना गर्म करना न तो खतरनाक है और न ही सेहत के लिए नुकसानदायक – अगर इसका इस्तेमाल सही तरीके से किया जाए। असल फर्क इस बात से पड़ता है कि आप इसे कैसे इस्तेमाल करते हैं।

Exit mobile version