Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

मरीजों को बड़ी राहत: 39 जरूरी दवाओं की कीमत तय, ज्यादा वसूलने पर होगी कार्रवाई

July 11, 2026

मरीजों को बड़ी राहत: 39 जरूरी दवाओं की कीमत तय, ज्यादा वसूलने पर होगी कार्रवाई

NPPA New Drug Prices: देशभर में मरीजों को जरूरी दवाएं उचित कीमत पर उपलब्ध कराने के लिए नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने अहम फैसला लिया है। अथॉरिटी ने ड्रग्स (प्राइसेस कंट्रोल) ऑर्डर (DPCO)-2013 के तहत 39 नई दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत (Retail Price) तय कर दी है। इनमें हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, एचआईवी, आंखों के संक्रमण और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं शामिल हैं। इस फैसले का उद्देश्य मरीजों को जरूरी दवाएं तय और उचित कीमत पर उपलब्ध कराना है।

8 जुलाई को जारी हुई नई अधिसूचना

फार्मास्यूटिकल्स विभाग की ओर से 8 जुलाई 2026 को नई मूल्य अधिसूचना जारी की गई। यह आदेश डीपीसीओ-2013 के पैरा 5, 11 और 15 के तहत लागू किया गया है। इस अधिसूचना में नई दवा फॉर्मूलेशन की अधिकतम खुदरा कीमत निर्धारित की गई है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पहले से बाजार में बिक रही सभी दवाओं की कीमतें कम कर दी गई हैं। निर्धारित कीमतों पर लागू जीएसटी अलग से लिया जाएगा।

कई गंभीर बीमारियों की दवाएं सूची में शामिल

एनपीपीए द्वारा जारी सूची में कई महत्वपूर्ण दवाओं की कीमत तय की गई है। हाई ब्लड प्रेशर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली Amlodipine + Bisoprolol + Telmisartan टैबलेट की कीमत 14.74 रुपये प्रति टैबलेट निर्धारित की गई है। आंखों की सर्जरी के बाद होने वाले संक्रमण और बैक्टीरियल इंफेक्शन के इलाज में उपयोग होने वाले Nepafenac + Moxifloxacin Ophthalmic Solution की खुदरा कीमत 68.64 रुपये प्रति मिलीलीटर तय की गई है। दिल के मरीजों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम करने के लिए दी जाने वाली Clopidogrel + Aspirin + Atorvastatin कैप्सूल की कीमत 6.37 रुपये प्रति कैप्सूल निर्धारित की गई है।

डायबिटीज की कई दवाओं की कीमत भी तय

सूची में मधुमेह के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन दवाएं भी शामिल हैं। इनमें Dapagliflozin, Empagliflozin, Sitagliptin, Metformin, Glimepiride और Voglibose आधारित दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत तय की गई है, जिससे मरीजों को निर्धारित मूल्य पर दवाएं मिल सकेंगी।

संक्रमण, ग्लूकोमा, एचआईवी और कैंसर की दवाएं भी शामिल

एनपीपीए ने संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होने वाली Amoxicillin + Clavulanate टैबलेट और डिस्पर्सिबल टैबलेट, ग्लूकोमा के इलाज की आई ड्रॉप, एचआईवी थेरेपी किट, विटामिन डी-3 ओरल सॉल्यूशन और कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाले Imatinib Oral Solution की खुदरा कीमत भी तय कर दी है।

वहीं सूची में सबसे महंगी दवाओं में शामिल Tenecteplase (TNK-tPA) Injection 50 mg, जिसका उपयोग हार्ट अटैक के इलाज में किया जाता है, उसकी अधिकतम खुदरा कीमत 60,238.27 रुपये प्रति वायल निर्धारित की गई है।

दुकानों पर प्राइस लिस्ट लगाना जरूरी

एनपीपीए ने सभी दवा विक्रेताओं और डीलरों को निर्देश दिया है कि वे निर्माता कंपनियों द्वारा जारी प्राइस लिस्ट और संशोधित प्राइस लिस्ट को अपनी दुकान पर ऐसी जगह लगाएं, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें। यह व्यवस्था डीपीसीओ-2013 के पैरा 24(4) के तहत अनिवार्य है।

तय कीमत से ज्यादा वसूली पर होगी कार्रवाई

अथॉरिटी ने साफ किया है कि यदि कोई दवा निर्माता या मार्केटिंग कंपनी अधिसूचित खुदरा कीमत से अधिक राशि वसूलती है, तो उसे अतिरिक्त वसूली गई रकम ब्याज सहित सरकार के पास जमा करनी होगी। ऐसे मामलों में डीपीसीओ-2013 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

एनपीपीए का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों को जरूरी दवाएं पारदर्शी और उचित कीमत पर उपलब्ध कराना तथा बाजार में दवाओं की कीमतों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखना है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें