Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में निजी यात्री बस पुल से नीचे गिरी, 24 की मौत, 39 घायल

May 9, 2023

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में निजी यात्री बस पुल से नीचे गिरी, 24 की मौत, 39 घायल

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र में आज एक निजी यात्री बस रेलिंग तोड़कर बोराड़ नदी में गिर जाने की बड़ी दुर्घटना के चलते अब तक तीन बच्चों समेत 24 यात्रियों की मृत्यु हो गई है, और 39 यात्री घायल हुए हैं। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने बताया कि ऊन थाना क्षेत्र के डोंगरगांव के समीप बोराड़ नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर निजी यात्री बस नीचे गिर गई जिसके चलते मौके पर ही 15 से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई थी। करीब 50 घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने तीन अन्य को मृत घोषित किया। उपचार के दौरान 6 अन्य ने दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन बच्चे और 9 महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से 11 को इंदौर रेफर किया गया है। जिला कलेक्टर ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये गंभीर घायलों को 50,000 रुपये तथा साधारण घायलों को 25,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि खरगोन और इंदौर में घायलों का सम्पूर्ण उपचार कराया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें