Ajay Chautala gave a controversial statement : हांसी। चानौत गांव में पेयजल संकट के लिए पिछले 53 दिनों से जारी ग्रामीणों के धरने को राजनीतिक समर्थन मिला। जननायक जनता पार्टी के सुप्रीमो अजय सिंह चौटाला धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का समर्थन करते हुए हरियाणा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सीएम को भी बता गए डमी
इस दौरान उन्होंने पेयजल परियोजना और टी-कनेक्शन विवाद पर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। साथ ही उनका एक विवादित बयान भी सामने आया, जिसमें उन्होंने सत्ता में बैठे लोगों को “सड़क पर दौड़ाकर पीटने” जैसी टिप्पणी करते हुए लोगों से संगठित होने का आह्वान किया। चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को डमी मुख्यमंत्री बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार की कमान पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पूर्व मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के हाथों में है।
बोले- सरकार बना रही बहाना
उन्होंने कहा कि सरकार पाइपलाइन में टी-कनेक्शन के मामले में कानूनी अड़चनों का बहाना बना रही है, जबकि कानून जनहित के लिए होते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उनमें बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पानी के इस मुद्दे को अपनी प्रतिष्ठा का विषय बना लिया है, जिसके कारण समाधान में अनावश्यक देरी हो रही है। हांसी-बरवाला ब्रांच पेयजल परियोजना के लिए एनओसी मिलने में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सभी विभाग सरकार के अधीन हैं तो महीनों इंतजार क्यों?
संघर्ष जारी रखने का आहवान
ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज मुकदमों पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और इसे सरकार की गलत कार्यशैली बताया। चौटाला ने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी इस आंदोलन में ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी और पेयजल की स्थायी व्यवस्था होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
Also Read :

