Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमित शाह ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले- सरदार पटेल को नहीं दिया सम्मान, जिसके वे हकदार थे

October 31, 2025

अमित शाह ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले- सरदार पटेल को नहीं दिया सम्मान, जिसके वे हकदार थे

नेशनल डेस्क: देश के पहले गृहमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल को उनके जीवनकाल में वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। सरदार साहब को भारत रत्न देने में 41 साल लग गए। उस समय की कांग्रेस सरकार ने उनके योगदान को सही तरीके से नहीं सराहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर सरदार पटेल के अधूरे कार्य को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल किसानों के सच्चे हितैषी थे और देश की एकता के लिए उन्होंने जो काम किया। वह इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।

ये भी पढ़ें: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर देशभर में उत्सव, PM Modi ने केवड़िया में दी श्रद्धांजलि

गृहमंत्री ने आगे कहा- आजादी के बाद अंग्रेजों ने देश को 562 रियासतों में बांटा था। सरदार पटेल ने अपनी कूटनीति और दृढ़ इच्छाशक्ति से सभी रियासतों को जोड़कर अखंड भारत की नींव रखी। अगर पटेल न होते तो भारत आज एकजुट नहीं होता। आज का दिन सिर्फ जयंती नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पूरे देश के लिए प्रेरणा का दिन है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सम्मान में देशभर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया जा रहा है, ताकि लोग देश की एकता और अखंडता के संदेश को याद रख सकें।

सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि

अमित शाह ने सरदार पटेल की जयंती पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- राष्ट्रीय एकता, अखंडता और किसानों के सशक्तीकरण के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। सरदार साहब ने रियासतों के एकीकरण से देश की सुरक्षा और एकता को मजबूत किया। उन्होंने किसानों, पिछड़ों और वंचितों को सहकारिता से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत की राह दिखाई। सरदार पटेल का विश्वास था कि देश की तरक्की किसानों की खुशहाली में है और वे जीवनभर किसानों के अधिकारों की रक्षा और कल्याण के लिए समर्पित रहे।

ये भी पढ़ें: दभोटा में निजी स्कूल के सेफ्टी टैंक में गिरने से साढ़े चार साल की बच्ची की मौत

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पूरे देश में कार्यक्रम

सरदार पटेल की जयंती को हर साल राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के केवड़िया स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। वहीं देश के अन्य हिस्सों में भी एकता दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल को देश की एकता का प्रतीक और भारत के लोहे के इंसान के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अपने मजबूत नेतृत्व से बिखरे भारत को एक सूत्र में पिरो दिया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें