Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘TMC के पापों का घड़ा अब भर चुका’, PM Modi बोले- बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी

April 9, 2026

‘TMC के पापों का घड़ा अब भर चुका’, PM Modi बोले- बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी

आसनसोल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के हल्दिया के बाद आसनसोल में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह पश्चिम बर्धमान की जनता का ये प्यार, इतना बड़ा जनसैलाब, ये उत्साह, ये जोश, ये माहौल बता रहा है कि बंगाल में परिवर्तन की ताजा हवा चल रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में परिवर्तन अब पत्थर की लकीर बन चुका है। पूरा आसनसोल अब परिवर्तन चाहता है, पूरा बंगाल परिवर्तन चाहता है। बंगाल में टीएमसी के पापों का घड़ा अब भर चुका है। बंगाल में अगली सरकार डबल इंजन की सरकार बनेगी। 4 मई के बाद बंगाल विकास के एक नए युग में प्रवेश करेगा।

बंगाल की प्रगति के लिए टीएमसी से मुक्ति जरूरी: पीएम मोदी

टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की प्रगति के लिए टीएमसी से मुक्ति जरूरी है, क्योंकि आज जब पूरा देश तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, तब टीएमसी बंगाल को पीछे धकेलने में लगी हुई है। यहां के संसाधन, यहां की संभावनाएं और नौजवानों के अवसर, सब पर टीएमसी के गुंडों का कब्जा है। बंगाल की जो संपत्ति विकास के काम आनी चाहिए, उसकी खुली लूट हो रही है। आसनसोल कोल बेल्ट का बहुत बड़ा इलाका है लेकिन टीएमसी के राज में इस पूरे कारोबार पर सिंडिकेट का कब्जा है। बंगाली मानुस इससे परेशान है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आसनसोल और दुर्गापुर का ये पूरा इलाका कभी बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश के औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र था। साइकिल से लेकर रेल तक, पेपर से लेकर स्टील तक, एल्युमिनियम से लेकर ग्लास तक यहां कारखानों की लंबी चेन थी। पूरे देश से लोग यहां काम करने आते थे। लेकिन, आज यहां उद्योगों का लगातार पलायन हो रहा है, यहां के युवाओं को घर छोड़कर बाहर जाना पड़ रहा है। पूरे बंगाल के यही हाल हैं, पूरा बंगाल इसी संकट से घिरा है। हमारा भारत एक विशाल परिवार है, जिसमें 140 करोड़ सदस्य हैं, जिसमें अलग-अलग राज्य, परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ये राज्य जितना कमाते हैं, उतनी ही परिवार की आय बढ़ती है।

ये माफियाराज से मुक्ति पाने का चुनाव है: प्रधानमंत्री 

पीएम मोदी ने जनता से कहा कि ये चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं है। ये आसनसोल को उसकी पुरानी औद्योगिक शक्ति लौटाने का चुनाव है। ये माफियाराज से मुक्ति पाने का चुनाव है। ये काम सिर्फ भाजपा-एनडीए सरकार ही कर सकती है। बीते कई दशकों में बंगाल ने हर पार्टी पर विश्वास करके देखा। पहले कांग्रेस, फिर लेफ्ट, फिर टीएमसी, लेकिन, सबने बंगाल के लोगों को धोखा देने का ही काम किया, बंगाल के लोगों के सपनों को मिट्टी में मिला दिया, बंगाल के लोगों के भविष्य को कुचल दिया। इसलिए लोग केवल बातों पर भरोसा नहीं करना चाहते, बंगाल की जनता अब काम और ट्रैक रिकॉर्ड देखने का फैसला करना चाहती है। बंगाल में विकास करने का, बंगाल को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड केवल भाजपा के पास है।

बंगाल के लोगों की एक बहुत बड़ी चिंता घुसपैठियों की: नरेंद्र मोदी 

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के लोगों की एक बहुत बड़ी चिंता घुसपैठियों की है। जो लोग कई पीढ़ियों से अपने गांव और मोहल्लों में रहते आ रहे थे, उनके देखते-देखते उन पर घुसपैठियों का कब्जा हो रहा है। कुछ जगह तो डेमोग्राफी इतनी बदल गई है कि लोगों को मंदिर जाने और पूजा करने की इजाजत नहीं मिल रही। कुछ जगह श्रद्धालुओं के रोज मंदिर जाने पर पाबंदी लगा दी गई, केवल दुर्गापूजा के अवसर पर ही पूजा करने दी जाती है। घुसपैठ को बढ़ावा देकर आज ऐसे हालात पैदा कर दिए गए हैं, और ये सब टीएमसी सरकार ही करवा रही है। एक समय था, जब लाल इश्तेहार जारी करके हिंदुओं को नरसंहार की धमकी दी जाती थी। टीएमसी भी आज वही कर रही है। एक समुदाय के नाम पर, फिर से हिंदुओं को धमकाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें