Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

विदिशा संसदीय क्षेत्र के उमरिया में 1800 करोड़ की लागत वाले “ब्रह्मा–BEML रेल मैन्युफैक्चरिंग हब” परियोजना का भूमि पूजन

August 10, 2025

विदिशा संसदीय क्षेत्र के उमरिया में 1800 करोड़ की लागत वाले “ब्रह्मा–BEML रेल मैन्युफैक्चरिंग हब” परियोजना का भूमि पूजन

उमरिया (मध्य प्रदेश): देश की आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई शुरुआत करते हुए आज विदिशा संसदीय क्षेत्र के भोजपुर विधानसभा अंतर्गत औबेदुल्लागंज के ग्राम उमरिया में 1800 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले ब्रह्मा–BEML रेल मैन्युफैक्चरिंग हब का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अनेक विशिष्टजन मौजूद रहे, वहीं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल जुड़े। इस आधुनिक संयंत्र में वंदे भारत जैसे रेल और मेट्रो कोचों के साथ-साथ रक्षा उत्पादों के डिजाइन, निर्माण, असेंबली एवं परीक्षण की विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

‘स्वदेशी अपनाओ’ का संकल्य, शिवराज सिंह का आह्वान

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को “स्वदेशी अपनाओ” का संकल्य दिलाया। उन्होंने कहा, “हम घर में जो सामान लेकर आते हैं – खाने-पीने, पहनने-ओढ़ने, तेल, शैम्पू, सौंदर्य प्रसाधन – अब कोई भी सामान खरीदेंगे तो हम अपने देश में बना हुआ सामान ही खरीदेंगे। 144 करोड़ भारतवासियों का देश अगर स्वदेशी अपनाना प्रारंभ कर दें तो हमारी अर्थव्यवस्था और मजबूत हो जाएगी। यही है देश के लिए जीना।” इसके साथ श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के आह्वान को दोहराया कि भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है और इसके लिए सभी को स्वदेशी को अपनाना होगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “अपने लिए तो सभी जीते हैं, लेकिन जो देश के लिए जीता है, वही सच्चा नागरिक है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत दुनिया में अपनी बात मजबूती से रखता है और अब समय है कि हम सब मिलकर स्वदेशी को अपनाएं।”

किसानों के हित सर्वोपरि, कोई समझौता नहीं–शिवराज सिंह

शिवराज सिंह ने विशेष रूप से किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब कोई भी ऐसा अंतरराष्ट्रीय समझौता नहीं होगा, जिसमें किसानों के हितों से समझौता किया जाए। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी ने कह दिया चाहे व्यक्तिगत कीमत चुकानी पड़े, लेकिन किसानों के, मछुआरों के, पशुपालकों के हित सुरक्षित रहेंगे। बड़े-बड़े देशों के साथ समझौते भी देश हित में ही होंगे।”

क्षेत्रीय विकास और रोजगार के नए अवसर

शिवराज सिंह ने उमरिया और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए गौरव जताया कि मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में 752 इकाइयाँ संचालित हैं और लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट होता है। अब इस रेल मैन्युफैक्चरिंग हब की स्थापना के बाद क्षेत्र की आर्थिक गति तीव्र होगी। उन्होंने बताया कि 5 हजार से अधिक रोजगार के अवसर स्थानीय युवाओं को मिलेंगे, साथ ही MSME सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा। शिवराज सिंह ने भावुक होते हुए कहा, “बचपन से इस क्षेत्र में पदयात्रा, साइकिल यात्रा की है। यहाँ की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को भरपूर स्नेह दिया है। आज जो सौगात मिली है, उससे क्षेत्र दिन दोगुना, रात चौगुना बढ़ेगा।” शिवराज सिंह का मानना है यह भूमि पूजन केवल एक औद्योगिक परियोजना की शुरुआत नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, स्वदेशी विकास और युवाओं के सशक्तिकरण का संगम है।

ये भी पढ़ें : ‘2027 में पंजाब में बीजेपी की सरकार बनेगी’ अमित शाह बोले- भाजपा ही खत्म करेगी नशे की समस्या

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें