Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में बिहारी छात्रों पर हमला, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

March 21, 2025

पंजाब में बिहारी छात्रों पर हमला, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

Bihari students attacked in Punjab: पंजाब के बठिंडा स्थित गुरु काशी यूनिवर्सिटी में बिहार के छात्रों पर हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि लगभग 200 स्थानीय छात्रों ने हॉस्टल में घुसकर बिहार के छात्रों पर तलवारों से हमला किया। इस हमले में दो दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए हैं। इस घटना पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) से पंजाब के डीजीपी से संपर्क कर इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। अगर बिहारी छात्रों के साथ इस प्रकार का कोई भी अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, तो इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंजाब सरकार से जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई की मांग की और कहा कि यह घटना बिहार के छात्रों के लिए अस्वीकार्य है।

सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि हम बिहार के छात्रों की सुरक्षा को लेकर कोई भी समझौता नहीं करेंगे। इस प्रकार के हमलों को लेकर हमारी सरकार पूरी तरह से गंभीर है और हम इसे लेकर हरसंभव कदम उठाएंगे।

विपक्षी दलों की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर इस्तीफे की मांग पर भी सम्राट चौधरी ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि एक बात समझिए, नीतीश कुमार से ज्यादा इस देश में कोई भी व्यक्ति भारत के संविधान और राष्ट्रगान के प्रति पूरी तरह समर्पित नहीं है। उनका संविधान और राष्ट्रगान के प्रति जो सम्मान है, वह कहीं से भी कम नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार राज्य के लिए विशेष पहचान बनाने के लिए बिहार गीत की शुरुआत की है, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि वे राज्य और राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर बवाल मचा है। सड़क से लेकर सदन तक विपक्षी नेताओं ने इसे मुद्दा बनाते हुए सीएम से माफी मांगने को कहा।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कहा था कि उन्होंने राष्ट्रगान के समय जो हरकत की है, उससे देश का अपमान हुआ है। इस पर सरकार को जवाब देना चाहिए। दूसरी तरफ, एनडीए के नेता इस मुद्दे पर नीतीश कुमार का बचाव करते हुए नजर आ रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें