Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को संसद में वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया। आपको बता दें कि यह उनका लगातार नौवां बजट रहा। बजट भाषण के दौरान उन्होंने घरेलू उत्पादन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन और गरीबी कम करने जैसे अहम मुद्दों पर जोर दिया। इसी कड़ी में शिक्षा और कौशल विकास को लेकर सरकार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं है।
शिक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा
–सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधारों की दिशा में कई अहम घोषणाएं की हैं। इन फैसलों का उद्देश्य देश के युवाओं को बेहतर शिक्षा, आधुनिक कौशल और नए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
–शिक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए देश में पाँच नई यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनेगा।
–स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए एम्स जैसे तीन अत्याधुनिक आयुर्वेदिक अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। वहीं पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जाएगा।
–रोजगार और उद्यमिता को शिक्षा से जोड़ने के लिए एक हाई-पावर्ड ‘एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज’ स्टैंडिंग कमेटी बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। यह कमेटी ऐसे ठोस सुझाव देगी, जिनसे सर्विस सेक्टर को विकसित भारत के प्रमुख इंजन के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।
–तकनीकी क्षेत्र में भारत को वैश्विक पहचान दिलाने के लक्ष्य के तहत देश को AI हब के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की गई है। इससे न केवल तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बड़ी संख्या में नई नौकरियों के अवसर भी पैदा होंगे।
–इसके अलावा शहरी विकास को गति देने के लिए शहरों में विशेष इकोनॉमिक जोन विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिससे निवेश बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
Union Finance Minister Smt. @nsitharaman proposed multiple steps in towards setting up new institutes, University townships, girls hostel and telescope infrastructure facilities in #investment in higher education sector.#ViksitBharatBudget pic.twitter.com/0u51E1WxtE
— Ministry of Finance (@FinMinIndia) February 1, 2026
रोजगार और विकास पर जोर
बजट में नई नौकरियों के सृजन और शहरी क्षेत्रों में विशेष आर्थिक जोन विकसित करने की बात भी कही गई है, जिससे शिक्षा प्राप्त युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
बजट 2026 के तीन प्रमुख कर्तव्य
वित्त मंत्री ने बजट भाषण में सरकार के तीन मुख्य कर्तव्यों को रेखांकित किया-
–वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच आर्थिक विकास की गति को तेज करना और उसे बनाए रखना।
–आम नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए उनकी क्षमताओं का विकास करना, ताकि वे देश की समृद्धि में भागीदार बन सकें।
–हर परिवार, समुदाय और क्षेत्र को संसाधनों, सुविधाओं और अवसरों तक समान पहुंच सुनिश्चित करना।