Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

फोन करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताकर प्रदेश के कारोबारी को दी धमकी

October 8, 2023

फोन करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताकर प्रदेश के कारोबारी को दी धमकी

नई दिल्लीः अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन करके एक व्यक्ति ने खुद को गोल्डी बराड़ बताकर उत्तर प्रदेश के एक कारोबारी से कथित तौर पर वसूली की मांग की और उसे धमकी दी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी और कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली। कनाडा स्थित गैंगस्टर बराड़ राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) और देश के विभिन्न राज्यों द्वारा वांछित अपराधी है। वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी वांछित है। प्राथमिकी के मुताबिक, शिकायतकर्ता को 10 सितंबर को शाम छह बजे व्हाट्सएप पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से पहली बार कॉल की गई। प्राथमिकी की एक प्रति ‘पीटीआई-भाषा’ के पास भी है।

प्राथमिकी में कहा गया है कि फोन करने वाले ने खुद का परिचय लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ के रूप में दिया। एक अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता ने पहले सोचा कि यह एक फर्जी कॉल है, लेकिन उसे 12 सितंबर को उसी नंबर से फिर से कॉल की गई और फोन करने वाले ने उसे फिर से धमकी दी। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी कॉल के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कारोबारी को दो करोड़ रुपये देने के लिए कहा गया। व्यवसायी को एक ‘वॉयस नोट’ भी मिला, जिसमें फोन करने वाला व्यक्ति खुद को गोल्डी बराड़ बता रहा है।’’ उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों के साथ सूचना साझा की गई है क्योंकि बराड़, जिसके वर्तमान में अमेरिका में छिपे होने का संदेह है, एक वांछित गैंगस्टर है। इस साल जुलाई में इंटरपोल द्वारा बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (आरएनसी) भी जारी किया गया था।

पंजाब में मुक्तसर साहिब का मूल निवासी बराड़ वर्ष 2017 में कनाडा चला गया था, लेकिन वह अमेरिका आता-जाता रहता है। प्राथमिकी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने कहा है कि वह बहुत डर के साये में जी रहा है और अपने दैनिक कार्यों को भी करने में असमर्थ हो गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) और 507(गुमनाम संचार द्वारा आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें