नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को उसके पुराने कामों की सजा दे रही है और पार्टी लगातार चुनाव हार रही है। प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब “हार का शतक लगाने की तैयारी” कर रही है।
शिलांग–सिलचर कॉरिडोर का किया भूमि पूजन
पीएम मोदी ने असम में शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि असम की जनता पहले ही कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर चुकी है और अब देश के अलग-अलग राज्यों में भी लोग कांग्रेस को सबक सिखा रहे हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस एक के बाद एक चुनाव हार रही है। आने वाले समय में वह हार का शतक लगाने की तैयारी में है। हार की हताशा में अब कांग्रेस देश के खिलाफ ही हमला करने लगी है।”
यह भी पढ़ें- एम्सटर्डम में यहूदी स्कूल के पास जोरदार धमाका, मेयर ने कहा- यहूदी समुदाय को डराने की कोशिश
शर्टलेस प्रोटेस्ट का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने हाल ही में नई दिल्ली में हुएभारत मंडपम में AI शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेसके कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “AI समिट को बदनाम करने के लिए कांग्रेस ने अजीब तरह का प्रदर्शन किया। सार्वजनिक जगह पर अपने ही कपड़े फाड़ लिए। लगता है कि अब निराशा में अपने ही कपड़े फाड़ने के अलावा कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचा है।” उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में लोगों ने इस तरह के विरोध की आलोचना की।
कांग्रेस पर नॉर्थ-ईस्ट की अनदेखी का आरोप
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक पूर्वोत्तर भारत को नजरअंदाज किया और असम के युवाओं को हिंसा और आतंकवाद के माहौल में धकेल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने असम को “फूट डालो और राज करो” की नीति का प्रयोगशाला बना दिया था। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और युवाओं के सामने विकास और अवसरों का नया दौर खुला है।
बराक वैली के विकास पर भी बोले
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज़ादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस सत्ता में रही, लेकिन बराक वैली के विकास के लिए कोई बड़ा कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का समुद्री व्यापार से जुड़ाव भी कमजोर हो गया था।
24,000 करोड़ के प्रोजेक्ट का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि शिलांग-सिलचर कॉरिडोर पर करीब 24,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अगर उनसे 24,000 करोड़ लिखने के लिए कहा जाए तो शायद वे इसे ठीक से लिख भी न पाएँ।”
यह भी पढ़ें- घर बैठे 5 आसान तरीकों से बुक करें LPG सिलेंडर, किल्लत के बीच सरकार की नई पहल
नॉर्थ-ईस्ट का पहला हाई-स्पीड कॉरिडोर
करीब 166 किलोमीटर लंबा यह प्रोजेक्ट लगभग 22,860 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। यह पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड चार-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा। इससे गुवाहाटी और सिलचर के बीच यात्रा का समय लगभग 8.5 घंटे से घटकर करीब 5 घंटे रह जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे व्यापार, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।

