नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 15 दिनों में कोरोना के सक्रिय मामले 275 से बढ़कर 5,364 हो गए हैं। यानी मरीजों की संख्या में 20 गुना इजाफा हुआ है। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है।
सबसे ज्यादा केस कहां?
भारत में इस समय केरल सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। इसके बाद गुजरात, पश्चिम बंगाल और दिल्ली का नंबर आता है। इन राज्यों में नए मामलों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
केंद्र ने राज्यों को दिए सख्त निर्देश
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को तैयार रहने को कहा है। राज्यों को खासतौर पर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था हो, आइसोलेशन बेड और वेंटिलेटर उपलब्ध हों और जरूरी दवाओं का स्टॉक बना रहे।
मॉक ड्रिल के जरिए हो रही तैयारियों की जांच
गुरुवार को देशभर के कई अस्पतालों में मॉक ड्रिल की गई। इसमें देखा गया कि अस्पताल कोरोना की संभावित चौथी लहर से निपटने के लिए कितने तैयार हैं। ऑक्सीजन सप्लाई, दवाओं की उपलब्धता और वेंटिलेटर की स्थिति की जांच की गई। इससे पहले भी 2 जून को एक ट्रायल मॉक ड्रिल की गई थी। इन रिपोर्ट्स के आधार पर अस्पतालों को एक रेटिंग दी जाएगी, ताकि ज़रूरत पड़ने पर मरीजों का बेहतर इलाज हो सके।
ज्यादातर मरीजों में हल्के लक्षण
सरकारी रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल सामने आ रहे अधिकांश मामलों में हल्के या कोई लक्षण नहीं हैं। ऐसे मरीजों को घर पर आइसोलेट रहकर ही ठीक होने की सलाह दी जा रही है। इस साल जनवरी से अब तक कुल 55 मौतें कोरोना से दर्ज की गई हैं।