Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाकपा माले ने लालू प्रसाद को लिखा पत्र, बिहार के कई सीटों पर ठोंका दावा

September 6, 2023

भाकपा माले ने लालू प्रसाद को लिखा पत्र, बिहार के कई सीटों पर ठोंका दावा

पटना: अगले साल संभावित लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच, इंडिया गठबंधन में शामिल दलों ने भी सीटों को लेकर दावा ठोंकना शुरू कर दिया है। गठबंधन में शामिल भाकपा (माले) ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद को पत्र लिखकर सीट की दावेदारी पेश की है। भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि इंडिया की मुंबई में हुई बैठक में राज्य स्तर पर सीट बंटवारे की बात कही गई है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव में सीटों को लेकर अपना एक प्रस्ताव राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को 4 सितंबर को भेजा है। उन्होंने संभावना जताते हुए कहा है कि सीटों की शेयरिंग जल्द ही हो जाएगी।

उन्होंने हालांकि दावेदारी को लेकर सीटों की संख्या नहीं बताई, लेकिन इसके संकेत जरूर दिए। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में राजद और माले के बीच के तालमेल से एक नए चुनावी केमिस्ट्री की शुरूआत हुई थी। माले के प्रभाव वाले इलाकों मगध, शाहाबाद और सारण में महागठबंधन ने निर्णायक बढ़त हासिल की थी। इधर, सूत्र बताते हैं कि भाकपा (माले) ने आठ से 10 सीटों पर दावेदारी की है। बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन सरकार को वामपंथी दलों का बाहर से समर्थन प्राप्त है। भाकपा माले की दावेदारी के बाद इतना साफ हो गया है कि इंडिया गठबंधन में शामिल दलों की बीच अब लोकसभा सीट बंटवारे को लेकर कवायद शुरू हो गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें