Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2.05 करोड़ रुपए की गांजा बरामद

June 24, 2026

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2.05 करोड़ रुपए की गांजा बरामद

नेशनल डेस्क। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने कार्रवाई करते हुए 2.05 करोड़ रुपए मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) बरामद की। इस मामले में 28 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो बैंकॉक से भारत में नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था।

ये भी पढ़ें :-

मुंबई कस्टम्स के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ए.डी. रजानी के रूप में हुई है, जो गुजरात के जामनगर का रहने वाला है। अधिकारियों को उसके पास प्रतिबंधित सामान होने की आशंका थी। इसी आधार पर बैंकॉक से मुंबई पहुंचे यात्री को एयरपोर्ट पर रोका गया और उसके सामान की गहन जांच की गई।

तलाशी के दौरान अधिकारियों को उसके ट्रॉली बैग में 14 पैकेट मिले। जब इन पैकेटों को खोला गया तो उनमें एक पौधे के फूल और ऊपरी हिस्से पाए गए, जिन्हें हाइड्रोपोनिक वीड (कैनबिस) होने का संदेह हुआ। जांच में यह संदेह सही साबित हुआ। कस्टम अधिकारियों ने कुल 5,869 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.05 करोड़ रुपए बताई गई है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में भारतीय हवाई अड्डों पर ड्रग्स तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 22 जून को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के पास से करीब 4.80 करोड़ रुपए की हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की गई थी। उस यात्री के सामान से लगभग 13.84 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ था।

वहीं, 12 जून को मुंबई एयरपोर्ट पर ही 28 वर्षीय एक महिला को 11 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक वीड की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.82 करोड़ रुपए आंकी गई थी। हाइड्रोपोनिक वीड कैनबिस की एक उच्च गुणवत्ता वाली किस्म होती है, जिसे मिट्टी के बजाय पानी और विशेष पोषक तत्वों के सहारे उगाया जाता है। इसमें नशीले तत्वों की मात्रा अधिक होती है, इसलिए अवैध बाजार में इसकी कीमत भी सामान्य गांजे की तुलना में काफी ज्यादा होती है।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें