
करनाल। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर खेत बचाओ अभियान के तहत करनाल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव काछवा के ग्राम सचिवालय में आयोजित किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने स्थानीय किसानों और कृषि अधिकारियों से बातचीत की और खेती में बढ़ रहे रसायनों के खतरनाक दुष्प्रभावों को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील किसानों की ओर से लगाए स्टॉल का अवलोकन किया और उत्पादों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एनडीआरआई का दौरा कर संस्थान की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 30 जून तक खेत बचाओ अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत देशभर के 100 जिलों में किसानों के बीच जाकर रासायनिक खाद के उपयोग के स्थान पर प्राकृतिक तरीके से खेती करने को बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि आज अधिक पैदावार की होड़ में रासायनिक खादों का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे हमारी मिट्टी और खेत की स्थिति लगातार जहरीली होती जा रही है। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती के कारण आज इंसान का शरीर विकृत हो रहा है और हम एक स्वस्थ समाज की कल्पना से दूर होते जा रहे हैं।
अगर धरती स्वस्थ नहीं रहेगी, तो हम और हमारी आने वाली पीढिय़ां कभी स्वस्थ नहीं रह सकतीं। केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने पंजाब और हरियाणा के पारंपरिक स्वास्थ्य और वर्तमान स्थिति की तुलना करते हुए एक गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कभी यह क्षेत्र देश को सबसे बेहतरीन और मजबूत पहलवान देने के लिए जाना जाता था, लेकिन आज अत्यधिक रसायनों के प्रयोग के कारण यहां का स्वास्थ्य स्तर लगातार गिरा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज पंजाब-हरियाणा में कैंसर के मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसका मुख्य कारण किसानों के बीच अधिक से अधिक रासायनिक खाद डालने की आपसी प्रतिस्पर्धा है।
Also Read :