Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में शुरू होगा ‘एक पेड़ मां के नाम – दिल्ली मेगा पौधारोपण अभियान 2026′

June 16, 2026

दिल्ली में शुरू होगा ‘एक पेड़ मां के नाम – दिल्ली मेगा पौधारोपण अभियान 2026′

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार राजधानी में व्यापक स्तर पर ‘एक पेड़ मां के नाम – दिल्ली मेगा पौधारोपण अभियान 2026’ शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सरकार डिजिटल तकनीक और व्यापक जन-भागीदारी पर विशेष जोर दे रही है। सोमवार को दिल्ली सचिवालय में अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और अधिकारियों के साथ अभियान की रूपरेखा, डिजिटल प्लेटफॉर्म, पौधारोपण लक्ष्य और नागरिक सहभागिता की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार इसे बड़े स्तर पर लागू करेगी। अभियान का पहला चरण 22 जून को डिजिटल माध्यम से शुरू होगा। इस दौरान ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल और अभियान का आधिकारिक वीडियो लॉन्च किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दूसरे चरण में जुलाई के प्रथम सप्ताह के दौरान दिल्ली के विभिन्न रिज क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

इस दौरान लगभग ढाई लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। तीसरा चरण जुलाई के मध्य में जन-भागीदारी आधारित मेगा पौधारोपण कार्यक्रम के रूप में आयोजित होगा। रोहिणी स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में केंद्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे दिल्ली की 51 स्थानों से लाइव जोड़ा जाएगा। लगभग 11 हजार लोगों के एक साथ पौधारोपण में भाग लेने की योजना है। सरकार ने नागरिकों के लिए भागीदारी प्रक्रिया को भी सरल बनाया है।

ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से लोग पंजीकरण कर निःशुल्क पौधा प्राप्त कर सकेंगे, पौधारोपण स्लॉट बुक कर सकेंगे और जियो-टैग्ड फोटो अपलोड कर पर्यावरण रक्षक ई-प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकेंगे। सरकार की ओर से ‘वृक्ष रथ’ भी संचालित किए जाएंगे, जो विभिन्न क्षेत्रों में पौधे उपलब्ध कराने और पौधारोपण के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें