Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

जिम हत्याकांड : मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, दो पहले हो चुके ढेर

July 23, 2026

जिम हत्याकांड : मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, दो पहले हो चुके ढेर

Encounter in gym murder case : हांसी। शहर के चर्चित रेड जिम संचालक कपिल रेड्डू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित रोहित का बुधवार देर रात पुलिस से आमना-सामना हो गया। गांव पुठी मंगल खां के पास सीआईए-2 की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

घेराबंदी, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा

मुठभेड़ के दौरान पुलिस वाहन भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हुआ। घायल आरोपित को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस उससे पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। घायल आरोपित को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, भिवानी जिले के गांव भुरटाना निवासी रोहित किसी काम से पुठी मंगल खां की ओर जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर कप्तान सिंह के नेतृत्व में सीआईए-2 की टीम ने उसकी घेराबंदी कर दी।

रेकी और हथियार सप्लाई में थी रोहित की अहम भूमिका

पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख आरोपित ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, 11 जून को फव्वारा चौक के पास हुई कपिल रेड्डू की हत्या की साजिश में रोहित की अहम भूमिका सामने आई है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि उसने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार उपलब्ध कराने के साथ-साथ कपिल रेड्डू की रेकी भी की थी। इसके अलावा उसका संपर्क इस मामले के मुख्य आरोपित सुंदर से भी बताया जा रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं का खुलासा करने में जुटी है। गौरतलब है कि 11 जून की सुबह फव्वारा चौक के समीप बाइक सवार बदमाशों ने कपिल रेड्डू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी।

तीसरे आरोपी से मुठभेड़, पैर में लगी गोली

इस सनसनीखेज हत्याकांड में इससे पहले करीब 15 दिन पूर्व हिसार निवासी दो मुख्य आरोपित प्रवेश और हिमांशु हरियाणा एसटीएफ तथा दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बहादुरगढ़ के पास हुई मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक खुलासा किया जाना अभी बाकी है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड से जुड़े अहम तथ्यों का पर्दाफाश किया जा सकता है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें