Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

घाना के राष्ट्रपति John Mahama ने PM Modi का किया भव्य स्वागत, ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के साथ 21 तोपों की सलामी दी गई

July 3, 2025

घाना के राष्ट्रपति John Mahama ने PM Modi का किया भव्य स्वागत, ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के साथ 21 तोपों की सलामी दी गई

अकरा/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को 5 देशों की बहुप्रतीक्षित विदेश यात्र के पहले चरण में अफ्रीकी देश घाना पहुंचे। 30 सालों के लंबे अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है। राजधानी अकरा के हवाई अड्डे पर घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ 21 तोपों की सलामी दी गई। प्रधानमंत्री की यह यात्र ग्लोबल साऊथ और अटलांटिक के दोनों छोर के देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम है। इस विदेश दौरे के तहत पीएम मोदी घाना के अलावा त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेटीना, ब्राजील और नामीबिया का दौरा भी करेंगे।

पीएम मोदी ने दौरे से पहले जारी एक बयान में कहा कि वह 2-3 जुलाई को राष्ट्रपति महामा के निमंत्रण पर घाना की यात्र कर रहे हैं। उन्होंने घाना को ग्लोबल साऊथ का एक अहम साझेदार बताया जो अफ्रीकी संघ और पश्चिम अफ्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस दौरे से निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास सहयोग के क्षेत्रों में भारत-घाना के रिश्ते और मजबूत होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि घाना की संसद को संबोधित करना उनके लिए एक सम्मान की बात होगी। इसके बाद 3-4 जुलाई को पीएम मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर जाएंगे। उन्होंने इस द्वीपीय देश को भारत के साथ गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क आधारित रिश्तों का वाहक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह राष्ट्रपति क्रिस्टीन काला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला परसाद बिसेसर से मुलाकात करेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, ‘180 साल पहले भारतीय पहली बार त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे थे। यह दौरा हमारे सांस्कृतिक और पारिवारिक बंधनों को पुनर्जीवित करने का अवसर है। त्रिनिदाद के बाद पीएम मोदी अर्जेटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स जाएंगे, जो पिछले 57 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला आधिकारिक दौरा होगा। उन्होंने अर्जेटीना को लैटिन अमरीका में भारत का एक प्रमुख आर्थिक साझेदार और जी20 में एक करीबी सहयोगी बताया। 6-7 जुलाई को प्रधानमंत्री रियो डी जनेरियो, ब्राजील में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा, ‘भारत एक संस्थापक सदस्य के रूप में ब्रिक्स को उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक प्रमुख मंच मानता है। हम साथ मिलकर बहुध्रुवीय, लोकतांत्रिक और न्यायसंगत वैश्विक व्यवस्था के लिए काम कर रहे हैं।’

ये भी पढ़ें : 12 करोड़ की नई Ferrari में गर्लफ्रेंड को घूमाते नजर आए Hardik Pandya, जानें गाड़ी की खासियत

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील की राजधानी ब्रासीलिया का दौरा करेंगे, जो लगभग 60 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला राजकीय दौरा होगा। उन्होंने इसे ब्राजील के साथ संबंधों को गहराने और राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के साथ ग्लोबल साउथ के मुद्दों पर विचार साझा करने का मौका बताया। यात्र का अंतिम पड़ाव होगा नामीबिया, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक भरोसेमंद और रणनीतिक साझेदार’ बताया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें