Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana : सोनीपत : खर्च रजिस्टर नहीं देने पर 18 उम्मीदवार अयोग्य

April 21, 2026

Haryana : सोनीपत : खर्च रजिस्टर नहीं देने पर 18 उम्मीदवार अयोग्य

सोनीपत। सोनीपत नगर निगम चुनाव 2020 में तय समय पर चुनाव खर्च रजिस्टर जमा नहीं कराने वाले 18 उम्मीदवारों को अयोग्य घोषित कर दिया है। सोमवार को डीसी नेहा सिंह ने बताया कि ये सभी उम्मीदवार अब नगर निगम सोनीपत चुनाव 2026 में नामांकन दाखिल नहीं कर सकेंगे।

निष्पक्ष चुनाव कराना प्रशासन का लक्ष्य : नेहा

यह फैसला राज्य निर्वाचन नियमों के अनुसार लिया गया है, जिससे कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे। डीसी ने कहा कि चुनाव में हिस्सा लेने वाले हर उम्मीदवार के लिए नियमों का पालन करना अनिवार्य है। खर्च रजिस्टर जमा करना चुनाव प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। जिन उम्मीदवारों ने यह रजिस्टर तय समय सीमा में जमा नहीं कराया, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अयोग्य घोषित किया है। प्रशासन का उद्देश्य साफ और निष्पक्ष चुनाव कराना है।

इन उम्मीदवारों को ठहराया अयोग्य

अयोग्य घोषित उम्मीदवारों में विकास, राजेश कुमार, रमेश कटारिया, विनोद, सतनारायण, सुनिता, सुरेश कुमार, दीपक कुमार, मंजू, साधु, अशोक, सुनिता, राकेश, राकेश, नरेन्द्र, चंद्र कुमार, राज कुमार और सोमबीर शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि भविष्य में भी चुनाव नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उम्मीदवार उपायुक्त कार्यालय की एलएफए शाखा में ज्यादा जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं।

10 मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश

डीसी नेहा सिंह ने बताया कि इसी के साथ नगर निगम सोनीपत चुनाव 2026 के लिए 10 मई को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि जिले में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान तथा मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। यह अवकाश नगर निगम क्षेत्र के सभी औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों पर लागू रहेगा।

मतदान करने की पुरजोर अपील

प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 10 मई को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान जरूर करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्रशासन ने चुनाव को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

Also Read : 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें