Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 23.50 लाख ठगे, एक गिरफ्तार

October 27, 2026

डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 23.50 लाख ठगे, एक गिरफ्तार

Cyber Fraudsters Dupe 80-Year-Old Woman of ₹23.5 Lakh : करनाल। साइबर ठगों ने कानून का डर दिखाकर सेक्टर-14 निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को करीब 24 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा और साढ़े 23 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में करनाल साइबर क्राइम पुलिस ने महाराष्ट्र के अहिल्या नगर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि आरोपी ने 30 हजार रुपये लेकर अपना बैंक खाता ठगी में शामिल व्यक्ति को दिया था। ठगी की रकम में से 15.50 लाख रुपये इसी खाते में आए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। साइबर क्राइम थाना के एएसआई सुरिंद्र सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला का बेटा भुवेश चावला दुबई में रहता है और महिला सेक्टर-14 में अकेली रहती हैं। आरोपियों ने पहले फोन कर खुद को टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बताया और मोबाइल नंबर के सत्यापन की बात कही।

इसके बाद महिला को वीडियो कॉल की गई, जिसमें बताया गया कि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके पास से महिला का आधार कार्ड बरामद हुआ है। आरोपियों ने महिला को पुलिस और अदालत की कार्रवाई का डर दिखाया। इस तरह उन्हें करीब 24 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा गया। इसके बाद अलग-अलग खातों में आरटीजीएस के जरिए साढ़े 23 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की।

एएसआई के अनुसार, जांच के दौरान पुलिस को एक बैंक खाते की जानकारी मिली, जिसमें ठगी की रकम के 15.50 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के जामखेड़े गांव निवासी लोखेंडे ने अपना बैंक खाता एक साथी को 30 हजार रुपये में दिया था। उसे खाते के इस्तेमाल के बदले 10 प्रतिशत कमीशन मिलने का लालच भी दिया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब पुलिस ठगी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने और रकम के लेन-देन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें