Free Library Opens for Rural Youth : महेंद्रगढ़। प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे ग्रामीण युवाओं को बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सर्व कल्याण मंच ने हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के सामने निशुल्क लाइब्रेरी शुरू की। यहां आसपास के करीब 25 गांवों के युवाओं को पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के सामने निशुल्क लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। लाइब्रेरी में आसपास के करीब 25 गांवों के युवाओं को निशुल्क पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उद्घाटन समारोह में 200 से अधिक ग्रामीणों, युवाओं और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी दीपक कुमार ने शिरकत की। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार और एसडीएम योगेश सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
एसपी दीपक कुमार ने कहा कि आर्थिक अभाव या संसाधनों की कमी के कारण कई प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का उचित अवसर नहीं मिल पाता। सर्व कल्याण मंच की ओर से शुरू की गई निशुल्क लाइब्रेरी ऐसे युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए बेहतर अवसर और दिशा प्रदान करने में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों के युवाओं को यहां पढ़ाई के लिए सुविधाएं मिल सकेंगी।
कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि लाइब्रेरी शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के साथ विश्वविद्यालय के नियमित विद्यार्थियों को भी पढ़ाई में लाभ मिलेगा। उन्होंने इस पहल को युवाओं के शैक्षिक विकास के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम के दौरान मंच के सदस्य अमित भारद्वाज और स्थानीय ग्रामीणों ने विश्वविद्यालय के आसपास नशीली गतिविधियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और दोषी तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मंच की ओर से विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम का नाम शहीद हुकमचंद के नाम पर रखने, प्रमुख महापुरुषों के नाम पर चौक बनाने तथा विश्वविद्यालय के सामने स्थित चौक का नाम वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर रखने की मांग भी रखी गई। इस पर कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। मंच के सदस्य अमित भारद्वाज ने बताया कि निशुल्क लाइब्रेरी की शुरुआत प्रदेशाध्यक्ष नवीन कौशिक की प्रेरणा और मार्गदर्शन में की गई है।
Also Read :