Site icon Dainik Savera Times

त्याग और साधना के मार्ग से समाज को मिली आध्यात्मिक दिशा : सीएम

Guru Nanak Dev Ji’s Teachings Inspire Humanity : पिहोवा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने पूरी मानवता को किरत करो, नाम जपो और वंड छको का अनमोल संदेश दिया है।

उनके बड़े साहिबजादे बाबा चंद जी महाराज ने त्याग और साधना का मार्ग अपनाकर समाज को आध्यात्मिक दिशा प्रदान की। गुरु साहिबान की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गुरु साहिबान की शिक्षाओं से जोड़ना हम सभी का दायित्व है, क्योंकि जो समाज अपने इतिहास को जानता है, वही अपने भविष्य का निर्माण कर सकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को उदासीन श्री ब्रह्म अखाड़ा साहिब मांडी में बाबा श्री चन्द महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में पहुंच कर माथा टेका।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को उदासीन श्री ब्रह्म अखाड़ा साहिब के संस्थापक बाबा गुरविन्दर सिंह महाराज ने सरोपा पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानवता के महान सेवक बाबा श्री चंद महाराज के 532वें प्रकाश उत्सव की सबको हार्दिक बधाई दी और बाबा श्री चन्द महाराज के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज के दौर में जब समाज अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है और मनुष्य भौतिकता की दौड़ में उलझा हुआ है, ऐसे समय में गुरु साहिबान की शिक्षाओं को आत्मसात करना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एक ओंकार का संदेश दिया, जबकि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने दूसरे धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

इन महान गुरुओं का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य, सेवा और सहनशीलता ही समाज को एकजुट रखने के आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु साहिबान के प्रकाश पर्वों और शहादत दिवसों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और पहचान दिलाने के लिए सराहनीय प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जनवरी 2017 को पटना साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व में शिरकत की। इसी तरह 9 नवंबर 2019 को करतारपुर साहिब कॉरिडोर का उद्घाटन किया। श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर लाल किले में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किए गए।

इसके साथ ही साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाबा श्री चंद जी महाराज ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि त्याग और साधना का मार्ग भी समाज सेवा का मार्ग है। गुरु साहिबान को याद करना केवल इतिहास को नमन करना नहीं है, बल्कि वर्तमान पीढ़ी को आपसी सम्मान, भाईचारे और मानवता का पाठ पढ़ाना भी है। सबका सम्मान ही सबकी तरक्की की नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की धार्मिक आस्था और सेवा परंपरा को सुविधाजनक बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

सितंबर 2020 में श्री हरिमंदिर साहिब को एफसीआरए पंजीकरण प्रदान किया गया, जिससे विदेशों में रहने वाली संगत का योगदान नियमानुसार प्राप्त किया जा सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भी गुरु साहिबान के प्रकाश पर्वों और शहीदी दिवसों को हमेशा श्रद्धा और सम्मान के साथ राज्य स्तर पर मनाया है। वर्ष 2017 में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश पर्व, वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व तथा वर्ष 2022 में पानीपत में श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व राज्य स्तरीय समारोह के रूप में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर करनाल में ‘हिंद की चादर’ मैराथन आयोजित की गई और बड़ा खालसा में राज्य स्तरीय समारोह हुआ। कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में 25 नवंबर को विशाल समागम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की।

Also Read : 

Exit mobile version