International Gita Mahotsav 2026 to Be Held from December : कुरुक्षेत्र। 5 से 25 दिसंबर तक 11वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बार पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य के रूप में शामिल होंगे, जबकि मॉरीशस के राष्ट्रपति धरमबीर गोखूल 14 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 21 दिवसीय महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी, शिल्प एवं सरस मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, गीता महाआरती और वैश्विक गीता पाठ सहित अनेक आयोजन होंगे।
कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में मोहग्रस्त अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता का जो शाश्वत उपदेश दिया गया था, इस वर्ष उस उपदेश को दिए हुए 5164 वर्ष हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र आगमन के दौरान कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही थी। उनसे प्रेरणा प्राप्त कर वर्ष 2016 में कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की गई। पिछले 10 वर्षों में इस महोत्सव को अपार सफलता और लोकप्रियता मिली है। मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, इंडोनेशिया और जापान समेत अन्य देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है।
पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल होंगे सहयोगी राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेंगे। दोनों प्रदेशों द्वारा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक पवेलियन स्थापित किया जाएगा, जहां पर्यटक एवं श्रद्धालु इन राज्यों की संस्कृति, शिल्प और खान-पान से परिचित हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि महोत्सव का आगाज 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के तट पर विशाल शिल्प एवं सरस मेले से होगा। यह मेला 25 दिसंबर तक कुल 21 दिन चलेगा। इसमें राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों एवं शिल्पकारों का संगम देखने को मिलेगा। 4 दिसंबर को ज्योतिसर से सरस्वती सेतु, पीपली तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से गीता सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। 5 दिसंबर को गीता रन का आयोजन भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को मॉरीशस के राष्ट्रपति श्री धरमबीर गोखूल ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारंभ होगा। इसमें देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी ऑनलाइन माध्यम से भी अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से 16 देशों के 20 विद्वान इस संगोष्ठी में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय के माध्यम से 90 से अधिक देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा अन्य देशों में भी महोत्सव का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अतिरिक्त एनआईडी तथा आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा भी 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक अपने-अपने संस्थानों में गीता सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 दिसंबर से 13 दिसंबर तक गीता ज्ञानम् संस्थान में कथा का आयोजन किया जाएगा। 13 दिसंबर को कुरुक्षेत्र मेले में संत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रख्यात संत गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। इसी प्रकार 18 और 19 दिसंबर को अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतवर्ष की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों सहित 20 से अधिक देशों के संत भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर भव्य भजन संध्या एवं गीता महाआरती का आयोजन होगा। 10 दिसंबर से 20 दिसंबर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक प्रतिदिन ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता, महाभारत एवं श्रीकृष्ण विषय पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। गीता जयंती के अवसर पर 20 दिसंबर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ एवं भागवत कथा का आयोजन होगा। इसी दिन थीम पार्क, कुरुक्षेत्र में 27 हजार विद्यार्थियों की प्रत्यक्ष सहभागिता तथा 1 लाख से अधिक विद्यार्थियों के ऑनलाइन जुड़ाव से गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से लाखों गीता प्रेमी एवं श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें कुरुक्षेत्र भूमि की 182 तीर्थ समितियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
20 दिसंबर को गीता जयंती के दिन कुरुक्षेत्र भूमि के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन गीता शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें नगर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भाग लेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर 22 नवंबर से 4 दिसंबर तक ऑनलाइन गीता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थियों सहित आम लोग भी भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि 17 से 19 दिसंबर तक सन्निहित सरोवर एवं ब्रह्मसरोवर पर विद्यार्थियों के लिए गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली और क्राफ्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी
Also Read :

