Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

IPS वाई. पूरन कुमार का आज होगा पोस्टमार्टम, जांच कर रहे ASI की आत्महत्या से मामला और उलझा

October 15, 2025

IPS वाई. पूरन कुमार का आज होगा पोस्टमार्टम, जांच कर रहे ASI की आत्महत्या से मामला और उलझा

IPS Y Puran Kumar : हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई. पूरन कुमार सुसाइड केस में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। 7 अक्टूबर को आत्महत्या करने वाले IG रैंक के अधिकारी वाई. पूरन कुमार के शव का आज चंडीगढ़ PGI में पोस्टमार्टम किया जाएगा। उनकी पत्नी अमनीत पी. कुमार ने आठ दिन बाद पुलिस को पोस्टमार्टम की अनुमति दी है। डॉक्टरों का एक विशेष पैनल पोस्टमार्टम करेगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

इस बीच, इस केस से जुड़ी एक और दुखद खबर सामने आई है। जांच कर रहे ASI संदीप कुमार ने मंगलवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह रोहतक साइबर सेल में तैनात थे और IPS पूरन कुमार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रहे थे।

तीन पेज का सुसाइड नोट और वीडियो मिला
घटनास्थल से पुलिस को तीन पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो मैसेज मिला है। इनमें ASI संदीप ने दिवंगत IPS अधिकारी वाई. पूरन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस सुसाइड नोट और वीडियो के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।

भ्रष्टाचार केस में उलझे थे IG पूरन कुमार
मामला 6 अक्टूबर से जुड़ा है, जब ASI संदीप ने IG पूरन कुमार के गनर सुशील को 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा था। पूछताछ में गनर ने कबूल किया था कि वह IG पूरन कुमार के कहने पर यह पैसे एक शराब कारोबारी से ले रहा था। कारोबारी ने बताया था कि उसे एक गैंगस्टर से धमकी मिली थी, जिसके बाद उसने मदद के लिए पूरन कुमार से संपर्क किया था।

इस खुलासे के बाद रोहतक के SP नरेंद्र बिजरानिया ने बयान दिया था कि रिश्वत कांड में IG पूरन कुमार का नाम सामने आया है। मामला तूल पकड़ते ही पूरन कुमार का ट्रांसफर सुनारिया जेल में कर दिया गया था। मगर अगले ही दिन, 7 अक्टूबर को उन्होंने आत्महत्या कर ली।

अब दो आत्महत्याओं से जांच पर उठे सवाल
अब, आठ दिन बाद, वही केस देखने वाले ASI की आत्महत्या ने पुलिस विभाग में हलचल मचा दी है। दोनों मौतों के बीच के तार जोड़ने की कोशिश की जा रही है। SIT ने कहा है कि दोनों आत्महत्याओं के संबंधों की बारीकी से जांच होगी। PGI चंडीगढ़ में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान पुलिस, प्रशासन और चिकित्सा टीम पूरी सतर्कता बरत रही है। हरियाणा पुलिस के उच्च अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम पर नज़र बनाए हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि सुसाइड नोट और वीडियो के फॉरेंसिक परीक्षण के बाद कई नए खुलासे हो सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें