
लाडवा: लाडवा-पिपली मार्ग पर गांव निवारसी कालोनी के पास बिजली मीटर लगाने गए बिजली विभाग के एक जेई की पिटाई करने का मामला सामने आया है। पूरा मामला क्या है यह तो पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद लाडवा बिजली विभाग का एक जेई गांव निवारसी कालोनी के पास निमार्णाधीन एक निजी होटल का बिजली का मीटर लगाने गया था। बता दें कि होटल मालिक द्वारा अपने होटल के लिए बिजली का मीटर विभाग को अप्लाई किया हुआ था। मंगलवार दोपहर बाद बिजली विभाग का जेई लाडवा पुलिस को साथ लेकर होटल का मीटर लगाने के लिए मौके पर गया था, लेकिन निवारसी कालोनी के कुछ लोग कालोनी में बिजली की सप्लाई के लिए लगे बिजली के ट्रांसफार्मर पर बिजली मीटर लगाने का विरोध कर रहे थे।
बताया जाता है कि इससे पहले भी कालोनी के कुछ लोगों ने विरोध कर बिजली का मीटर नहीं लगने दिया था, जिसके बाद मंगलवार दोपहर बार मीटर लगाने के लिए स्वयं विभाग का जेई मौके पर पुलिस टीम के साथ गया। पुलिस की देख-रेख में बिजली विभाग द्वारा बिजली का मीटर भी लगा दिया गया था, लेकिन पुलिस के आने के तुरंत बाद तीन-चार लोगों ने मौके पर ही जेई की पिटाई शुरू कर दी और लगाया गया बिजली का मीटर व तारे भी तोड़ दी गई। इसकी सुचना लाडवा पुलिस को भी दी गई। पुलिस जेई का मेडिकल करवाने अस्पताल भी ले गई, लेकिन इस बारे में न जे.ई.कुछ बताने को राजी और न ही समाचार लिखे जाने तक कोई मामला दर्ज हुआ था।